अर्धकुम्भ, कुम्भ, पूर्णकुम्भ और महाकुम्भ : जानिए क्या है अंतर

यह महाकुम्भ न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, अपितु भारतीय संस्कृति और एकता का उत्सव भी है । इस बार प्रयागराज में आयोजित कुम्भ मेले को महाकुम्भ कहा जा रहा है, ऐसा क्यों है? कुम्भ, अर्धकुम्भ, पूर्णकुम्भ और महाकुम्भ में क्या अंतर होता है और इनकी खगोलीय गणना किस आधार पर की जाती है, इस लेख के माध्यम से आपको समझाते हैं ।

  • अर्धकुम्भ, कुम्भ, पूर्णकुम्भ और महाकुम्भ की गणना कैसे होती है ?
  • क्यों इस बार प्रयागराज में लग रहा है महाकुंभ ?
  • कुंभ मेला न केवल आस्था का प्रतीक है, यह भारतीय दर्शन, परंपरा व खगोलीय विज्ञान का अद्भुत संगम भी है ।

महाकुम्भ मेला भारतीय संस्कृति का ऐसा पवित्र उत्सव है, जिसकी गूंज प्राचीन ग्रंथों से लेकर आधुनिक युग तक सुनाई देती है । यह मेला न केवल आस्था का प्रतीक है, अपितु भारतीय दर्शन, परंपरा और खगोलीय विज्ञान का अद्भुत संगम भी है । पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन से निकली अमृत कलश की बूंदें हरिद्वार, प्रयागराज, उज्जैन और नासिक में गिरीं । इसलिए इन चार क्षेत्रों में कुम्भ का आयोजन होता है ।

खगोलीय गणनाओं के आधार पर कुम्भ और महाकुम्भ का आयोजन अनंत काल से होता रहा है । विष्णु पुराण में उल्लेख है कि जब गुरु कुम्भ राशि में प्रवेश करता है तथा सूर्य मेष राशि में होता है, तो हरिद्वार में कुम्भ का आयोजन होता है । इसी प्रकार, जब सूर्य एवं गुरु सिंह राशि में होते हैं, तो नासिक में कुम्भ लगता
है । उज्जैन में कुम्भ तब होता है, जब गुरु कुम्भ राशि में प्रवेश करता है । प्रयागराज में माघ अमावस्या के दिन सूर्य व चंद्रमा मकर राशि में होते हैं और गुरु मेष राशि में होता है । इस खगोलीय गणना का सटीक पालन आज भी किया जाता है ।

अर्धकुम्भ

अर्धकुम्भ एक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जो हर छह वर्ष में हरिद्वार तथा प्रयागराज में होता है । धार्मिक दृष्टि से अत्यधिक पवित्र इसका आयोजन गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम पर होता है । अर्धकुम्भ का महत्त्व इसलिए अधिक है क्योंकि इसे कुम्भ मेले का आधा चक्र माना जाता है ।

इसमें लाखों श्रद्धालु स्नान करने के लिए आते हैं, क्योंकि यह मान्यता है कि इस दौरान संगम में स्नान करने से पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है । इसके आयोजन का समय भी खगोलीय गणनाओं पर आधारित होता है । जब बृहस्पति वृश्चिक राशि में और सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है, तब अर्ध कुम्भ का आयोजन होता है ।

कुम्भ मेला

भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक कुम्भ मेला विश्व का सबसे बडा धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव है, जो प्रत्येक १२ वर्ष में चार क्षेत्रों – हरिद्वार, प्रयागराज, उज्जैन और नासिक में आयोजित होता है । इसकी पौराणिक कथा समुद्र मंथन से जुडी है, जिसमें अमृत कलश हेतु देवताओं एवं असुरों में संघर्ष हुआ था । इस आयोजन का मुख्य आकर्षण पवित्र नदियों में स्नान है, जिसे अमृत (शाही) स्नान कहा जाता है ।

यह मेला भी खगोलीय गणनाओं पर आधारित होता है । जब बृहस्पति सिंह राशि में और सूर्य मेष राशि में होता है, तब कुम्भ मेले का आयोजन होता है । इसके अतिरिक्त, अन्य ग्रहों की स्थिति भी इसकी तिथि निर्धारण में महत्त्वपूर्ण होती है ।

पूर्णकुम्भ

पूर्णकुम्भ मेला कुम्भ मेले का ही विस्तार है, जो प्रत्येक १२ वर्ष में प्रयागराज में आयोजित होता है । इसे कुम्भ का पूर्ण रूप माना जाता है और इसका महत्त्व अन्य कुम्भ मेलों से अधिक है । पवित्र नदियों गंगा, यमुना तथा सरस्वती के संगम पर होनेवाले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आत्मा की शुद्धि और मोक्षप्राप्ति है ।

पूर्णकुम्भ का आयोजन शास्त्रों और पुराणों में वर्णित है । इस मेले में लाखों श्रद्धालु एवं साधु-संत सम्मिलित होते हैं । विशेष रूप से नागा साधु और अखाडों का योगदान महत्त्वपूर्ण होता है । इस कालावधि में धार्मिक अनुष्ठान, हवन, कथा वाचन और प्रवचन होते हैं ।

महाकुम्भ २०२५ में ५ प्रमुख स्नान पर्व होंगे, जिनमें ३ राजसी स्नान सम्मिलित हैं

  • पौष पूर्णिमा (१३ जनवरी २०२५) : कल्पवास का आरंभ
  • मकर संक्रांति (१४ जनवरी २०२५) : पहला शाही स्नान
  • मौनी अमावस्या (२९ जनवरी २०२५) : दूसरा शाही स्नान
  • बसंत पंचमी (३ फरवरी २०२५) : तीसरा शाही स्नान
  • माघी पूर्णिमा (१२ फरवरी २०२५) : कल्पवास का समापन
  • महाशिवरात्रि (२६ फरवरी २०२५) : महाकुम्भ का अंतिम दिन

महाकुम्भ

महाकुम्भ मेला भारतीय धार्मिक आयोजनों का सबसे बडा पर्व है, जो प्रत्येक १४४ वर्ष में केवल प्रयागराज में आयोजित होता है । इसे कुम्भ मेले का सबसे पवित्र एवं महत्त्वपूर्ण रूप माना जाता है । इस समय संगम स्नान आत्मा को पवित्र एवं पापों से मुक्त करता है ।

महाकुम्भ का आयोजन खगोलीय गणनाओं पर आधारित होता है । जब बृहस्पति, सूर्य और चंद्रमा एक विशेष स्थिति में होते हैं, तब इसका आयोजन होता है । विशेष बात ये है कि महाकुम्भ का आयोजन १२ पूर्णकुम्भ के साथ अर्थात प्रत्येक १४४ वर्ष में होता है, वो भी केवल प्रयाग में । वर्ष २०१३ में प्रयागराज में आखिरी बार पूर्णकुम्भ का आयोजन हुआ था । इस बार महाकुम्भ का १२वां अवसर अर्थात १४४वां वर्ष है, इसलिए इस पूर्णकुम्भ को महाकुम्भ कहा जा रहा है ।

प्रत्येक १४४ वर्ष में आयोजित होनेवाले महाकुम्भ को देवताओं और मनुष्यों के संयुक्त पर्व के रूप में देखा जाता है । शास्त्रों के अनुसार, पृथ्वी का एक वर्ष देवताओं के एक दिन के बराबर होता है । इसी गणना के आधार पर १४४ वर्ष के अंतराल को महाकुंभ के रूप में मनाया जाता है । प्रत्येक कुम्भ मेला अर्धकुम्भ, कुम्भ, पूर्णकुम्भ एवं महाकुम्भ हिन्दू धर्म और भारतीय संस्कृति के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है ।

(साभार : नवभारत टाइम्स)