पाक-अधिकृत कश्मीर में आंदोलन करनेवालों पर पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी , १२ लोग मारे गए, ३८ घायल

मुजफ्फराबाद (पाक-अधिकृत कश्मीर) – पाक-अधिकृत कश्मीर में पिछले २० दिनों से आंदोलन कर रहे स्थानीय लोगों पर पाकिस्तानी सुरक्षादलों द्वारा गोलीबारी किए जाने का समाचार है । इसमें १२ लोगों की मृत्यु, जबकि ३८ लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है । अमेरिका में रहनेवाले पाक-अधिकृत कश्मीर के १०० से अधिक नागरिकों ने पाकिस्तानी सेना के दमन के विरोध में व्हाइट हाउस के बाहर आंदोलन किया । उन्होंने पाकिस्तानी सेना को हटाने तथा इस गोलीबारी की अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की ।

आंदोलन का नेतृत्व करने वाली ‘जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी’ ने आरोप लगाया कि सुरक्षादलों ने साधारण वेश में गोलीबारी की । मोर्चा रोकने के लिए पाकिस्तानी सेना तथा पुलिस ने रावलकोट, मुजफ्फराबाद तथा आसपास के शहरों को बंद कर दिया है । सभी महत्वपूर्ण मार्गों पर अवरोध खडे किए गए हैं तथा ४ सहस्र सैनिक, पुलिस तथा ‘फ्रंटियर कोर’ के सैनिक नियुक्त किए गए हैं । कमिटी का दावा है कि दमन के बाद भी ४० सहस्र से अधिक नागरिक मुजफ्फराबाद की ओर निकलनेवाले मोर्चे में सम्मिलित हुए हैं ।

कमिटी का आंदोलन ३८ सूत्री मांगों पर आधारित है । विधानसभा की १२ आरक्षित सीटें समाप्त करना, स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं को अधिक अधिकार देना, बिजली, आटा और उर्वरकों पर अनुदान देना तथा बंदी बनाए गए नेताओं को मुक्त करना, ये आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें हैं ।

संपादकीय भूमिका

वैश्विक समुदाय इसके विरोध में आवाज क्यों नहीं उठाता ? ईरान में खामेनेई शासन द्वारा स्थानीय जनता पर किए जा रहे अत्याचारों के विषय में बोलने वाले ट्रम्प पाकिस्तान में हो रहे इन अत्याचारों पर चुप क्यों ?