Apple Siri Controversy : एप्पल के ‘सिरी’ से ‘जय श्री राम’ पर कोई प्रतिक्रिया नहीं; किंतु ‘सलाम वालेकुम’ पर प्रतिक्रिया l

  • उज्जैन में हिन्दुत्वनिष्ठ संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग

  • ‘आईफोन’ के बहिष्कार की चेतावनी

(‘सिरी’ अर्थात् ‘एप्पल’ के मोबाइल फोन की एक सुविधा, जिसके माध्यम से विभिन्न कार्य कराए जा सकते हैं ।)

उज्जैन (मध्य प्रदेश) – एप्पल की ‘सिरी’ (Siri) सुविधा पर ‘जय श्रीराम’ अथवा ‘जय माता दी’ कहने पर कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं होती; किंतु ‘सलाम वालेकुम’ कहने पर तुरंत प्रतिक्रिया मिलती है । इसे लेकर हिन्दू संगठनों ने विरोध व्यक्त किया है । ज्योतिषाचार्यों, बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिषद ने इसे धार्मिक भेदभाव बताया है तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है । एप्पल को अपनी सुविधा में सुधार करना चाहिए, अन्यथा उसके मोबाइल फोन ‘आईफोन’ का बहिष्कार किया जाएगा, ऐसी मांग की गई है । वर्तमान में इस विषय पर एप्पल की ओर से कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है ।

ज्योतिषाचार्य पंडित पवन पाठक

१. ज्योतिषाचार्य पंडित पवन पाठक का दावा है कि उन्होंने १० से १५ आईफोन पर इसकी जांच की । उनका कहना है कि ‘जय श्रीराम’ अथवा ‘जय माता दी’ बोलने पर सिरी कोई स्पष्ट उत्तर नहीं देती अथवा शांत रहती है, जबकि ‘सलाम वालेकुम’ कहने पर तुरंत प्रतिक्रिया देती है । भारत एप्पल के लिए एक बडा बाजार है तथा यहां करोडों उपयोगकर्ता हैं । ऐसी स्थिति में सभी धर्मों का समान सम्मान किया जाना चाहिए । यदि इसमें सुधार नहीं किया गया, तो ग्राहकों से आईफोन के बहिष्कार का आह्वान किया जाएगा ।

२. विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष राजेश आंजना ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र में इसे ‘नियोजित जिहाद’ कहा है । साथ ही, ‘यह हिन्दुओं की श्रद्धा पर आघात है’, ऐसा भी कहा है । जब तक एप्पल इस कथित तकनीकी त्रुटि को दूर नहीं करता, तब तक राज्य में एप्पल के सभी स्टोर बंद कर दिए जाने चाहिए, ऐसा विश्व हिन्दू परिषद का मत है ।

३. उज्जैन से प्रारंभ हुआ यह विरोध अब सामाजिक माध्यमों पर भी दिखाई दे रहा है । इससे बडा आंदोलन खडा हो सकता है । लोगों का कहना है कि प्रौद्योगिकी में किसी भी प्रकार का धार्मिक भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा ।

क्या है सिरी?

एप्पल का ‘सिरी’ आवाज-आधारित एक आभासी सहायक (वर्चुअल असिस्टेंट) है । यह उपयोगकर्ताओं की आवाज में दिए गए आदेशों को समझकर विभिन्न कार्य करता है । उदाहरणार्थ, मौसम, समाचार, शेयर बाजार एवं खेल परिणामों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है । गाने चलाए जा सकते हैं तथा मानचित्र में मार्गदर्शन भी प्राप्त किया जा सकता है । इस आभासी सहायक के माध्यम से स्मार्ट होम उपकरणों को भी नियंत्रित किया जा सकता है ।

संपादकीय भूमिका

‘एप्पल’ के मोबाइल उपकरणों का निर्माण भारत में होता है । इसलिए भारत सरकार को ही इस विषय में एप्पल को निर्देश देना चाहिए, ऐसा हिन्दुओं का मत है !