Nimbooda Song Controversy : ओडिशा की कक्षा ५ की अंग्रेजी पाठ्यपुस्तक में हिंदी चलचित्र के ‘निंबूडा निंबूडा’ गीत के बोल सम्मिलित !

  • नींबू के महत्त्व को बताने के लिए उपयोग किए जाने का दावा

  • सामाजिक माध्यमों पर हो रही है आलोचना

भुवनेश्वर (ओडिशा) – ओडिशा के प्राथमिक विद्यालयों की कक्षा ५ की सरकारी पाठ्यपुस्तक ‘माय इंग्लिश बुक’ के एक पाठ में वर्ष १९९९ की प्रसिद्ध हिन्दी चलचित्र के लोकप्रिय गीत ‘निंबूडा निंबूडा’ के बोल प्रकाशित किए गए हैं । इस गीत में अभिनेत्री तथा अभिनेता ने अभिनय किया था । पाठ में नींबू के महत्त्व एवं उसके उपयोगों का वर्णन किया गया है । इस पृष्ठ का छायाचित्र सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित होने के पश्चात शिक्षा पद्धति की तीव्र आलोचना हो रही है तथा व्यापक विवाद उत्पन्न हो गया है ।

यह पाठ्यपुस्तक ओडिशा सरकार के प्राथमिक शिक्षा संचालनालय द्वारा अनुमोदित है । इस विषय में शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों ने स्पष्टीकरण देने का प्रयास किया । उनके अनुसार, बच्चों को रोचक एवं उनकी परिचित वस्तुओं के माध्यम से भाषा सिखाने का यह एक प्रयास हो सकता है ; तथापि बढते विरोध को देखते हुए इस प्रकरण में पुस्तक की पुनर्समीक्षा किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है ।