सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान ने परमाणु नीति परिवर्तित कर परमाणु बम का उपयोग करना चाहिए ! – Bilawal Bhutto

‘पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो की भारत को धमकी

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो

इस्लामाबाद (पाकिस्तान) – ‘पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ने सिंधु जल संधि को स्थगित करने को लेकर भारत को धमकी देते हुए कहा कि सिंधु जल बंटवारा के विवाद को केवल पर्यावरणीय अथवा राजनयिक विषय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, अपितु राष्ट्रीय सुरक्षा और अस्तित्व से संबंधित विषय के रूप में देखा जाना चाहिए । पाकिस्तान की परमाणु नीति कुछ अत्यंत कठिन परिस्थितियों के लिए है । देश की अर्थव्यवस्था को अवरुद्ध करने अथवा उसके जलमार्गों को रोकने का प्रयास, ये घटनाएं ऐसी दुर्लभ परिस्थितियों में आती हैं । यदि पाकिस्तान के जल स्रोत बंद होने से परमाणु संकट जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, तो पाकिस्तान को इसे केवल पर्यावरण का विषय नहीं मानना चाहिए, अपितु पाकिस्तान के अस्तित्व पर आक्रमण के रूप में देखना चाहिए, जिसका सामूहिक रूप से सैन्य उत्तर देने की आवश्यकता है । वे इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे ।

पाकिस्तान की अनुमानित ८० प्रतिशत कृषि भूमि और अर्थव्यवस्था सिंधु नदी प्रणाली के पानी पर निर्भर है । सिंधु जल संधि के अनुसार पूर्वी नदियों (रावी, ब्यास, सतलज) का पानी भारत के पास है और पश्चिमी नदियों (सिंधु, झेलम, चिनाब) का पानी पाकिस्तान को मिलता है । पाकिस्तान का आरोप है कि भारत ने बांध और नहरें बनाकर तथा ‘हाइड्रोलॉजिकल डेटा शेयर’ न करके उनके अधिकारों का उल्लंघन किया है, जिससे उनकी अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र संकट में पड गए हैं ।

संपादकीय भूमिका

यदि पाकिस्तान ने भारत के विरुद्ध परमाणु बम का उपयोग करने का प्रयास किया, तो पाकिस्तान विश्व के नक्शे से ही नष्ट हो जाएगा, यह उसे सदैव ध्यान में रखना चाहिए !