‘एन.सी.ई.आर.टी.’ की पाठ्यपुस्तक में मराठा साम्राज्य का इतिहास पुनः सम्मिलित करने के लिए केंद्र सरकार से विचार विमर्श निरंतर हो रहा – दादा भुसे, स्कूली शिक्षा मंत्री आवश्यक सामग्री केंद्र शासन को प्रस्तुत ।

विधान परिषद कार्यप्रणाली तारांकित प्रश्न

(एन.सी.ई.आर.टी. अर्थात राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान तथा प्रशिक्षण परिषद)

शिक्षा मंत्री दादा भुसे

मुंबई – राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (‘एन.सी.ई.आर.टी.’ ) की कक्षा ८ वीं की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक से मराठा साम्राज्य का मानचित्र तथा छत्रपति शिवाजी महाराज से संबंधित ऐतिहासिक संदर्भ हटा दिए गए थे । यह देदीप्यमान इतिहास पुनः सम्मिलित करने के लिए राज्य शासन केंद्र सरकार से निरंतर विचार विमर्श कर रहा है, ऐसी सूचना स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने विधान परिषद में तारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में दी ।

इस विषय में अधिक जानकारी देते हुए मंत्री भुसे ने कहा कि, ‘एन.सी.ई.आर.टी.’ द्वारा जुलाई २०२५ में प्रकाशित अंग्रेजी माध्यम की पाठ्यपुस्तक से मराठा साम्राज्य का विस्तार दर्शाने वाला मानचित्र तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के विषय में संदर्भ हटाए जाने की बात संज्ञान में आई है । इससे पूर्व हिंदी एवं उर्दू माध्यमों की पुस्तकों से भी यह मानचित्र हटा दिया गया था । इस कृत्य के कारण शिवप्रेमियों तथा इतिहासप्रेमियों में तीव्र रोष व्यक्त हो रहा है तथा सातारा में इसके विरोध में विशाल मोर्चा भी निकाला गया था ।

राज्य शासन ने ९ मार्च को नई दिल्ली स्थित ‘एन.सी.ई.आर. टी.’ को पत्र भेजकर इस विषय में निवेदन किया है । पाठ्यपुस्तक में मराठा साम्राज्य का गौरवशाली इतिहास सम्मिलित करने के लिए आवश्यक सामग्री शासन ने ‘एन.सी.ई.आर.टी.’ के पास प्रेषित की है । छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म, बाल्यकाल, स्वराज्य स्थापना, महाराज की युद्धनीति (गुरिल्ला युद्ध), दुर्ग, प्रशासन, राज्याभिषेक तथा महाराज के पश्चात का मराठों का देदीप्यमान इतिहास, इन सभी सूत्रों का पाठ्यपुस्तक में समावेश हो, इसके लिए शासन दृढ़ संकल्पित है ।

इस संदर्भ में संपूर्ण प्रक्रिया ‘एन.सी.ई.आर.टी.’ के दिल्ली कार्यालय की ओर से संचालित होने के कारण राज्य शासन केंद्र सरकार से इस विषय में सतत संपर्क बनाए हुए है, ऐसा भी मंत्री भुसे ने अंत में स्पष्ट किया ।

हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा मंत्री जी से भेंट एवं निवेदन 

स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे को निवेदन देते हुए (बाएं से) श्री . रवींद्र नलावडे तथा श्री . सुनील घनवट

इसी विषय की पृष्ठभूमि पर हिन्दू जनजागृति समिति के प्रतिनिधिमंडल ने स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे से २५ जून के दिन भेंट की । समिति ने ‘एन.सी.ई. आर.टी.’ की ‘हमारे अतीत’ इस कक्षा ८ वीं की पुस्तक में मराठा साम्राज्य का मानचित्र पुनः सम्मिलित करने की मांग हेतु मंत्री जी को सविस्तार निवेदन सौंपा । इस समय हिन्दू जनजागृति समिति के महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ संगठक श्री. सुनील घनवट तथा श्री.रवींद्र नलावडे उपस्थित थे ।

इस अवसर पर समिति के प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए मंत्री दादा भुसे ने कहा, ‘‘इस विषय के लिए हमने केंद्रीय मंत्रियों से भेंट की है तथा उन्हें इस विषय का आधिकारिक पत्र भी सौंपा है । राज्य के मुख्यमंत्री ने भी इस विषय में स्वयं संज्ञान लिया है तथा केंद्र स्तर पर हमारे प्रयास एवं विचार विमर्श निरंतर चल रहा हैं ।’’