Asim Munir Assassination Plan : इजरायल के गुप्तचर संगठन ‘मोसाद’ने रचा था पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की हत्या का षड्यंत्र ।

ब्राजील के पत्रकार तथा भू-राजनीतिक विश्लेषक पेपे एस्कोबार ने किया दावा I

पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर एवं ब्राजील के पत्रकार पेपे एस्कोबार (एक घेरे में)

ब्राजिलिया (ब्राजील) – ब्राजील के पत्रकार तथा भू-राजनीतिक विश्लेषक पेपे एस्कोबार ने यह दावा किया है कि इजरायल के गुप्तचर संगठन ‘मोसाद’ने पाकिस्तान के सेनाप्रमुख असीम मुनीर की हत्या का षड्यंत्र रचा था। अमेरिका एवं ईरान के मध्य की शांतिवार्ता के लिए पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के स्विट्जरलैंड जाने के उपरांत इस षड्यंत्र को अंजाम दिया जाना था । पत्रकार पेपे के इस दावे के कारण पाकिस्तान सहित पूरे विश्व में हलचल मची है ।

पेपे एस्कोबार ने निश्चितरूप से क्या दावा किया है ?

पेपे एस्कोबार ने ऑस्ट्रेलिया के उद्यमी एवं राजनीतिक भाष्यकर्ता मारियो नॉफाल के साथ हाल ही में ‘एक्स’से बातचीत की । उन्होंने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू के आदेश पर ‘मोसाद’ जिनेवा में असीम मुनीर तथा उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की हत्या का षड्यंत्र रच रहा है, ऐसी जानकारी पाकिस्तान के सैन्य गुप्तचर विभाग को अत्यंत विश्वसनीय सूत्रों से मिली थी । इजरायल ईरान-अमेरिका शांति समझौते पर बहुत ही अप्रसन्न था, क्योंकि इस प्रक्रिया से उन्हें बाजू में रखा गया था । साथ ही लेबनॉन में चल रही इजरायल की सैन्य कार्यवाहियों के कारण यह शांति समझौता ना होने की संभावना थी । मोसाद के इस षड्यंत्र की जानकारी मिलते ही पाकिस्तान ने ओमान के माध्यम से इजरायल को सीधे एवं कडे शब्दों में यह चेतावनी भरा संदेश भेजा था कि हमारे प्रतिनिधिमंडल को आपने (इजरायल ने) हाथ भी लगाया तो, हम आपको विश्व के मानचित्र से मिटा देंगे ।

ब्राजील के पत्रकार पेपे ने यह भी दावा किया कि सार्वजनिक स्थानों पर रखी गई स्थिति की अपेक्षा वास्तविक स्थिति अलग है ।

इजरायल अथवा पाकिस्तान के आधिकारिक अधिकारियों ने अब तक हत्या के इस षड्यंत्र की पुष्टि नहीं की है । इसके अतिरिक्त स्विट्जरलैंड, अमेरिका एवं पाकिस्तान के सुरक्षा विभागों को भी इस परिषद की अवधि में ऐसी किसी भी संभावना के विषय में सतर्कता की कोई भी चेतावनी नहीं दी गई थी । अतः विशेषज्ञों का मानना है कि आधिकारिक जानकारी सामने आने तक इन दावों की ओर सतर्कता से देखने की आवश्यकता है ।