प्रसिद्ध लेखक शांतनु गुप्ता की सपरिवार रामनाथी, गोवा स्थित सनातन आश्रम में सद्भावना भेंट

(बाएं से) श्रीमती श्वेता गुप्ता, कु. अभिराम, श्री राघव शेट्टी, श्री. शांतनु गुप्ता, चि. नक्षत्रा और (दाएं से) जानकारी देते श्री. गिरिजय प्रभुदेसाई

रामनाथी (गोवा) – सुप्रसिद्ध हिंदुत्वनिष्ठ लेखक श्री. शांतनु गुप्ता ने १४ नवंबर को यहां स्थित सनातन आश्रम में सद्भावना भेंट दी । इस समय उनके साथ उनकी पत्नी श्रीमती श्वेता, बेटे अभिराम और बेटी नक्षत्रा, साथ ही गोवा के उद्योगपति श्री. राघव शेट्टी भी उपस्थित थे । सनातन के साधक श्री. गिरिजय प्रभुदेसाई ने सभी को आश्रम में चल रहे राष्ट्र और धर्म जागृति के कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी । इस अवसर पर सभी ने धर्म और अध्यात्म के प्रसार कार्य को अत्यंत जिज्ञासा से जाना ।

उन्हें आश्रम की स्वच्छता और सुव्यवस्था देखकर बहुत आश्चर्य हुआ । इस अवसर पर श्रीमती श्वेता ने स्वभावदोष और अहं निर्मूलन हेतु साधकों द्वारा अपनाई जा रही प्रक्रिया और बोर्ड पर अपनी गलतियां लिखने की प्रक्रिया को घर पर भी आरंभ करने की इच्छा व्यक्त की । श्री. गुप्ता ने कहा कि गोवा जैसी जगह पर इतना अच्छा सात्त्विक आश्रम होना, यह आश्चर्य की बात है । ध्यान मंदिर में बहुत सात्त्विकता है । यहां अपने ही भीतर अर्थात शून्य में जाने का अनुभव होता है ।

श्री. शांतनु गुप्ता का परिचय

श्री. शांतनु गुप्ता मूलतः ऋषिकेश के हैं  । वर्तमान में वे नोएडा में रहते हैं । वे एक प्रसिद्ध लेखक और राजनीतिक विश्लेषक हैं । उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर २ पुस्तकें लिखी हैं । इनमें से ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ पुस्तक पर आधारित ‘अजेय : दी अनटोल्ड स्टोरी ऑफ अ योगी’ नामक फिल्म २ महीने पहले पूरी दुनिया में प्रदर्शित हुई । फिल्म के प्रचार के लिए उन्होंने भारत के सभी राज्यों, साथ ही अमेरिका और यूरोप का भी दौरा किया । फिल्म के प्रचार हेतु वे गोवा आए थे । इसी बीच उन्होंने सनातन आश्रम का अवलोकन किया । उनका पूरा परिवार आध्यात्मिक प्रवृत्ति का है और वे एक संप्रदाय अनुसार साधना भी करते हैं ।