प्रसिद्ध लेखक शंतनू गुप्ता की रामनाथी (गोवा) स्थित सनातन आश्रम को सहपरिवार सदिच्छा-भेंट !

बायीं ओर से सौ. श्वेता गुप्ता, कु. अभिराम, श्री राघव शेट्टी, श्री शंतनू गुप्ता, चि. नक्षत्रा तथा (दायीं ओर) आश्रम का विवरण देते हुए श्री गिरीजय प्रभुदेसाई ।

रामनाथी (गोवा) – सुप्रसिद्ध हिन्दुत्वनिष्ठ लेखक श्री शंतनू गुप्ता ने १४ नवम्बर को यहां स्थित सनातन आश्रम को सहपरिवार सदिच्छा-भेंट की । इस अवसर पर उनके साथ पत्नी सौ. श्वेता, पुत्र अभिराम तथा पुत्री नक्षत्रा उपस्थित थे । उनके साथ गोवा के उद्योगपति श्री राघव शेट्टी भी सम्मिलित थे । सनातन के साधक श्री गिरीजय प्रभुदेसाई ने आश्रम में चल रहे राष्ट्र एवं धर्म जागरण के कार्य का विस्तार से परिचय कराया । इस समय सभी ने अत्यंत जिज्ञासा के साथ धर्म तथा अध्यात्म के प्रसार का कार्य जाना ।
सात्त्विकता को जीवन का प्रमाण (मापदण्ड) मानकर जीवन-यापन करना, यह विषय उन्हें अत्यधिक भावपूर्ण लगा । आश्रम की स्वच्छता तथा सुव्यवस्था उन्हें अत्यंत प्रिय लगी । इस अवसर पर सौ. श्वेता ने स्वभावदोष एवं अहं-निर्मूलन के लिए साधकों द्वारा चलायी जाने वाली प्रक्रिया, तथा फलक पर अपनी भूलें लिखने का जो अभ्यास है, उसे अब घर में आरंभ करने की इच्छा व्यक्त की । श्री गुप्ता ने कहा कि गोवा जैसे स्थान में इतना उत्तम सात्त्विक आश्रम होना, यह आश्चर्य का विषय है । ध्यान-मंदिर में अत्यधिक सात्त्विकता अनुभव होती है । यहां भीतर-भीतर, मानो शून्य की ओर अग्रसर होने का अनुभव होता है ।

श्री शंतनू गुप्ता का परिचय

श्री शंतनू गुप्ता

श्री शंतनू गुप्ता मूलतः उत्तराखंड राज्य के ऋषिकेश के निवासी हैं । वर्तमान में वे उत्तरप्रदेश के नोएडा नगर में निवास करते हैं । वे प्रसिद्ध लेखक तथा राजनैतिक विश्लेषक हैं । उन्होंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर २ ग्रंथ लिखे हैं । इनमें से ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ पर आधारित ‘अजेय : दि अनटोल्ड स्टोरी ऑफ अ योगी’ नामक चलचित्र २ माह पूर्व विश्वभर में प्रदर्शित हुआ । इस चलचित्र के प्रचार हेतु उन्होंने भारत के सभी राज्यों सहित अमेरिका तथा यूरोप का भी प्रवास किया । प्रचार-प्रसार के इसी प्रवास के निमित्त वे गोवा आये थे । इसी अवसर पर उन्होंने सनातन आश्रम का भी दर्शन किया । उनका संपूर्ण परिवार अति आध्यात्मिक प्रवृत्ति वाला है तथा वे एक परंपरा के अनुसार साधना भी करते हैं ।