Air India Crash : (और इनकी सुनिए…) ‘वैमानिक द्वारा ईंधन का स्विच जान-बूझकर बंद करने से हुई दुर्घटना !’ – इटली के समाचार पत्र का दावा

कर्णावती (गुजरात) एअर इंडिया विमान दुर्घटना प्रकरण

कैप्टन सुमित सभरवाल

नई देहली – गत वर्ष जून मास में कर्णावती में हुई एअर इंडिया विमान दुर्घटना में २४१ यात्रियों सहित कुल २७४ व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी । उड्डयन के कुछ ही क्षणों के पश्चात यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था । इस प्रकरण में अन्वेषण (जांच) प्रगति पर है । अब इटली के ‘कोरिएरे डेला सेरा’ समाचार पत्र ने यह दावा किया है कि, “जब यह दुर्घटना हुई, तब विमान-चालक कक्ष (कॉकपिट) में उपस्थित एक वैमानिक ने ईंधन का स्विच जान-बूझकर बंद कर दिया था, भारतीय अन्वेषण यंत्रणा अपने अंतिम प्रतिवेदन (रिपोर्ट) में ऐसा कह सकती है” ।

१. इस समाचार पत्र ने आगे कहा है कि अब तक के अन्वेषण में विमान में किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि नहीं पाई गई है । साथ ही ‘कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डिंग’ से यह सूचना सम्मुख आई है कि दोनों में से एक वैमानिक ने ईंधन का स्विच बंद किया था ।

२. इस दुर्घटना का उत्तरदायित्व मृत कैप्टन सुमित सभरवाल पर डाला जा सकता है, ऐसा इस समाचार पत्र ने पाश्चात्य स्रोतों के आधार पर अपने वृत्त में कहा है । इसके पूर्व भी अन्वेषण यंत्रणाओं द्वारा कैप्टन सभरवाल को इस दुर्घटना हेतु उत्तरदायी ठहराने की बात सामने आई थी, जिसका वैमानिकों के संगठन ने विरोध किया था ।

३. विमान के ‘फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर’ अर्थात ‘ब्लैक बॉक्स’ की प्रविष्टियों से भी संदेह की सुई कैप्टन सुमित सभरवाल की ओर ही घूम रही है । ब्लैक बॉक्स की रिकॉर्डिंग में एक वैमानिक दूसरे वैमानिक से पूछ रहा है कि ‘आपने इंजन बंद क्यों किया ?’ । उसके उत्तर में दूसरा वैमानिक कह रहा है कि ‘मैंने इंजन बंद नहीं किया है’, ऐसी ध्वनि अंकित हुई है, ऐसा इस वृत्त में कहा गया है ।

४. भारत में कोई बडा विवाद उत्पन्न न हो; इसलिए इस दुर्घटना का अंतिम प्रतिवेदन कुछ सौम्य शब्दों में लिखे जाने की संभावना है, ऐसा दावा भी इस समाचार पत्र ने किया है ।

संपादकीय भूमिका 

दुर्घटना के समय से ही मृत वैमानिक पर उत्तरदायित्व थोपने का प्रयत्न हो रहा है । क्या इससे किसी तथ्य को छिपाने अथवा किसी को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है ? ऐसी शंका उत्पन्न हो रही है !