PM Modi Australia Visit : ऑस्ट्रेलिया भारत को यूरेनियम की आपूर्ति करेगा !

भारत के महत्त्वाकांक्षी गगनयान मिशन को भी सहायता मिलेगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज

मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) – भारत एवं ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम आपूर्ति समझौते पर दोनों देशों ने औपचारिक मुहर लगा दी है । शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बैठक के उपरांत आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, अंतरिक्ष तथा महत्त्वपूर्ण खनिजों सहित अनेक क्षेत्रों में समझौतों की घोषणा की । भारत वर्तमान में चार देशों से यूरेनियम खरीदता है । अब ऑस्ट्रेलिया पांचवें देश के रूप में इसमें सम्मिलित हो गया है । यूरेनियम परमाणु ऊर्जा एवं परमाणु बम दोनों के लिए आवश्यक होता है ।

भारत के स्वच्छ ऊर्जा अभियान को मिलेगी दृढता ! – प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया से भारत को यूरेनियम मिलने से भारत के स्वच्छ ऊर्जा अभियान को और दृढता मिलेगी । भारत एवं ऑस्ट्रेलिया मिलकर ‘क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर’ भी विकसित करेंगे । यह ‘क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर’ ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश एवं तमिलनाडु जैसे तटीय राज्यों में दुर्लभ खनिजों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विकसित किया जा रहा है । इसके साथ ही कोकोस (कीलिंग) द्वीप पर ‘स्पेस ट्रैकिंग टर्मिनल’ (भारत के गगनयान मिशन से संपर्क बनाए रखने के लिए स्थापित किया जानेवाला अस्थायी केंद्र) बनाया जाएगा । इससे भारत के महत्त्वाकांक्षी गगनयान मिशन को भी सहायता मिलेगी ।”

दोनों देशों के संबंध और अधिक दृढ होंगे ! – ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा, “अब तक दोनों देशों की आपूर्ति श्रृंखलाएं (सप्लाई चेन) तो जुडी हुई थीं, लेकिन हमारी नीतियां अलग-अलग थीं । आज का यह निर्णय उस दूरी को समाप्त करने की दिशा में उठाया गया एक बडा कदम है । आज हमने वर्ष २०१५ के भारत-ऑस्ट्रेलिया असैन्य परमाणु सहयोग समझौते के अंतर्गत भारत को यूरेनियम निर्यात की व्यवस्था पर हस्ताक्षर किए हैं । हम दोनों देशों के संबंधों को और अधिक सुदृढ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं ।”