Electric Bus : वर्ष २०३५ तक महाराष्ट्र की सभी बसें इलेक्ट्रिक होंगी ! – प्रताप सरनाईक, परिवहन मंत्री

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक

मुंबई, ८ जुलाई (वार्ता.) – राज्य में बढते प्रदूषण पर नियंत्रण एवं ईंधन व्यय में बचत करने के लिए राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) की २० सहस्र, अर्थात सभी बसें वर्ष २०३५-३६ तक इलेक्ट्रिक हो जाएंगी । सभी बसें इलेक्ट्रिक करने वाला महाराष्ट्र देश का प्रथम राज्य होगा । वर्तमान में १४ सहस्र २५० बसें डीजल से संचालित हैं । हम अन्य ५ सहस्र १५० इलेक्ट्रिक बसों का क्रय करेंगे, ऐसी घोषणा परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने विधान परिषद में की । भाजपा सदस्य श्रीकांत भारतीय ने इस संदर्भ में तारांकित प्रश्न उपस्थित किया था ।

सरनाईक ने सूचित किया कि महामंडल ने ‘ओलेक्ट्रा’ नामक प्रतिष्ठान (कंपनी) से इलेक्ट्रिक बसें खरीदी गई हैं । जैसे-जैसे इन बसों की संख्या बढेगी, उसी अनुपात में ‘चार्जिंग स्टेशन’ (विद्युत आवेश केंद्र) स्थापित किए जाएंगे । कुल १७२ ‘चार्जिंग स्टेशन’ स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं । वर्तमान में महामंडल के पास ९०७ इलेक्ट्रिक बसें हैं । इसे देखते हुए ३९ ‘चार्जिंग स्टेशन’ पर्याप्त हैं तथा आगामी ३ मासों में अन्य ४५ ‘चार्जिंग स्टेशन’ स्थापित किए जाएंगे ।