अमरनाथ यात्रा के प्रथम ५ दिनों में ही गुफा में स्थित प्राकृतिक हिम शिवलिंग पिघला

३ लाख से अधिक श्रद्धालुओं का दर्शन अभी शेष

प्राकृतिक हिम शिवलिंग लगभग पूर्णतः पिघल चुका है

अमरनाथ (जम्मू-कश्मीर) – यहां स्थित अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक हिम शिवलिंग लगभग पूर्णतः पिघल चुका है । यात्रा प्रारंभ हुए अभी केवल ५ दिन ही हुए हैं, जबकि यात्रा के अभी ५४ दिन शेष हैं । गत ४ दिनों में ८६ हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए हैं । यह संख्या प्रतिदिन १ लाख से अधिक होने की संभावना व्यक्त की जा रही है । इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए ४ लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है ।

२३ मई को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों द्वारा प्रसारित किए गए चित्र में हिम शिवलिंग की ऊंचाई ७ फुट थी । २९ जून को प्रथम पूजा के दिन भी इसकी ऊंचाई ५ फुट से अधिक थी । ६ जुलाई को सामने आए चित्रों में हिम शिवलिंग लगभग ९० प्रतिशत तक पिघला हुआ दिखाई दिया ।