PM Modi Indonesia : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस्लामी देश इंडोनेशिया के सबसे बडे एवं प्राचीन हिन्दू मंदिर का किया दर्शन l

भारत तथा इंडोनेशिया मिलकर करेंगे मंदिर का जीर्णोद्धार l

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो

जकार्ता (इंडोनेशिया) – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ८ जुलाई को विश्व की सबसे बडी मुस्लिम जनसंख्यावाले इस्लामी देश इंडोनेशिया की यात्रा के समय योग्याकार्ता स्थित प्रंबानन मंदिर का दर्शन किया । इस अवसर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी उनके साथ उपस्थित थे । दोनों नेताओं ने मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन किया । प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की ।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुझे हमेशा किसी-न-किसी रूप में भगवान शिव से जुडने का अवसर मिला है । सोमनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, केदारनाथ मंदिर और महाकालेश्वर मंदिर के पश्चात अब प्रंबानन मंदिर के विकास कार्य में योगदान देने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है । मैं स्वयं को अत्यंत भाग्यशाली मानता हूं ।”

वर्ष २०२९ में जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने पर पुनः इंडोनेशिया आएंगे !

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को आश्वासन दिया है कि इस मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य वर्ष २०२९ तक पूरा किया जाएगा । उन्होंने यह भी कहा कि कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वे पुनः इंडोनेशिया आएंगे ।

प्रंबानन मंदिर का इतिहास

प्रंबानन मंदिर इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर योग्याकार्ता के निकट स्थित है और यह दक्षिण-पूर्व एशिया का दूसरा सबसे बडा हिन्दू मंदिर है । प्रथम स्थान पर अंगकोर वाट स्थित है । प्रंबनन मंदिर परिसर लगभग १,००० वर्ष पुराना है ।

इस परिसर में एक समय लगभग २४० मंदिर थे । यहां त्रिमूर्ति – भगवान शिव, भगवान विष्णु एवं भगवान ब्रह्मा – को समर्पित तीन मुख्य मंदिर हैं । इनमें ४७ मीटर ऊंचा भगवान शिव का मंदिर सबसे बडा है । मंदिर की दीवारों पर रामायण तथा अन्य हिन्दू धर्मग्रंथों की कथाएं उकेरी गई हैं ।