Ram Mandir Donation Theft : श्रीराम मंदिर में दान चोरी की ७० घटनाएं सीसीटीवी में कैद !

आरोपी जेब एवं जूतों में नोटों के बंडल छिपाते हुए दिखाई दिए

अयोध्या (उत्तर प्रदेश) – श्रीराम मंदिर में दान चोरी के प्रकरण में विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आई है । इसके अनुसार २७ अप्रैल से ५ जून के बीच सीसीटीवी फुटेज में लगभग ७० संदिग्ध घटनाएं रिकॉर्ड हुईं । इनमें पुलिस द्वारा बंदी बनाए गए ८ आरोपी नोटों के बंडल अपनी जेबों एवं जूतों में छिपाते हुए दिखाई दिए ।

विशेष जांच दल की रिपोर्ट के प्रमुख बिंदु

१. दान की राशि गिनने की पूरी प्रक्रिया में गंभीर खामियां थीं । डॉ. अनिल मिश्रा वित्तीय लेन-देन एवं नकद संग्रह प्रबंधन की निगरानी कर रहे थे । बैंक के साथ तय की गई मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) एवं सहमति संबंधी प्रावधानों को निर्धारित करने में भी उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका थी ।

२. कर्मचारियों की जांच नहीं लिए जाने की जानकारी डॉ. अनिल मिश्रा को आंतरिक माध्यमों से दी गई थी; इसके उपरांत भी, उन्होंने कोई प्रभावी लिखित आदेश जारी नहीं किया । पहले से निर्धारित जांच प्रणाली को लागू करने में भी उनके स्तर पर ही टालमटोल की गई ।

३. कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, निर्धारित वर्दी, व्यक्तिगत सामान को काउंटिंग रूम में ले जाने पर प्रतिबंध, दानपेटियों तथा उनमें से निकली नकदी एवं नोटों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तथा दैनिक रिपोर्ट जैसी व्यवस्थाएं लागू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए ।