Ukraine-Russia War : यूक्रेन ने रूस के १२ क्षेत्रों पर सैकडों ड्रोन दागे ।

रूस का उत्तर में आक्रमण ।

कीव (यूक्रेन) – रूस तथा यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को अब लगभग साढे चार वर्ष हो चुके हैं । इस बीच रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने रूस के १२ क्षेत्रों तथा क्रीमिया प्रायद्वीप पर बडी संख्या में आक्रमण करते हुए सैकडों ड्रोन दागे । यह अब तक के सबसे बडे ड्रोन आक्रमणों में से एक माना जा रहा है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी वायुसेना ने यूक्रेन के ६६० ड्रोन मार गिराए । इस आक्रमण में रूस के १२ विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ क्रीमिया, काला सागर तथा अजोव सागर को लक्ष्य बनाया गया ।

पिछले कुछ माह में रूस-यूक्रेन युद्ध की स्थिति…

यूक्रेन लगातार रूस की तेल उत्पादन सुविधाओं एवं ऊर्जा केंद्रों को लक्ष्य बना रहा है । कहा जा रहा है कि इस रणनीति से रूस की ईंधन आपूर्ति तथा सैन्य सामग्री प्रभावित हुई है, जिससे युद्धक्षेत्र में उसकी गतिविधियां धीमी पडी हैं और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ा है ।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की द्वारा “४०-दिवसीय प्रभाव अभियान” चलाने के आदेश के कुछ ही घंटों बाद यह बडा आक्रमण हुआ माना जा रहा है कि इसका उद्देश्य रूस पर युद्ध समाप्त करने का दबाव बढाना है । यह भी कहा जा रहा है कि अमेरिका के एक वर्ष तक चले शांति प्रयासों के अपेक्षित परिणाम न मिलने के बाद ज़ेलेंस्की ने यह कदम उठाया ।

रूस का भी उत्तर

रूस ने यूक्रेन के खार्कीव क्षेत्र पर आक्रमण किया। प्रांत के प्रमुख ओलेह सिनिएहुबोव के अनुसार, पिछले २४ घंटों में रूसी आक्रमणों में २ नागरिकों की मृत्यु हुई एवं ७ लोग घायल हुए । वहीं यूक्रेन की वायुसेना का कहना है कि उसने रूस द्वारा भेजे गए १८९ में से १७४ ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए ।