Tigress Attack : चंद्रपुर में बाघिन के आक्रमण में ४ महिलाओं की मृत्यु !

चंद्रपुर – जिले के सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही अरण्य (वन) में तेंदूपत्ता एकत्रित करते समय १३ महिलाओं पर एक बाघिन ने आक्रमण कर दिया । इस भीषण घटना में ४ महिलाओं की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य महिलाएं सुरक्षित बच गईं । यह घटना २२ मई को प्रातः ९ बजे घटित हुई । अचानक हुए इस आक्रमण से महिलाएं अत्यंत भयभीत हो गईं । एक महिला ने गांव में आकर जब इसकी सूचना दी, तब ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे । मृत महिलाओं में कवडूबाई, अनुबाई, संगीता तथा सुनीता मोहुर्ले सम्मिलित हैं । वन विभाग ने अन्वेषण (जांच) प्रारंभ कर दिया है तथा परिसर में गश्त बढा दी गई है । गत वर्ष भी इसी क्षेत्र में ३ महिलाओं की बाघ के आक्रमण में मृत्यु हुई थी ।