Amir Hamza Shot : पाकिस्तान में आतंकवादी आमिर हमजा पर अज्ञात लोगों द्वारा गोलीबारी, स्थिति चिंताजनक ।

लाहौर (पाकिस्तान) – ‘लश्कर-ए-तैयबा’ के संस्थापक सदस्यों में से एक आतंकवादी आमिर हमजा पर यहां एक समाचार चैनल के कार्यालय के बाहर अज्ञात लोगों द्वारा गोलीबारी की गई । इसमें वह घायल हो गया, जिसके कारण उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है तथा उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है । इससे पहले पिछले वर्ष मई माह में भी उसके घर के बाहर अज्ञात व्यक्तियों ने उसे गोली मारी थी । हमजा को अमेरिका द्वारा ‘आतंकवादी’ घोषित किया गया है । हमजा का भारत में हुए आतंकवादी आक्रमणों में भी सहभाग था । उसे जम्मू के सुंजवां में भारतीय सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर हुए आतंकवादी आक्रमण का सूत्रधार माना जाता है ।

आमिर हमजा को अफगान मुजाहिदीन के अनुभवी कमांडरों में से एक माना जाता है । लडाई के साथ-साथ विभिन्न पुस्तकें लिखने के कारण भी उसकी पहचान थी । वह लंबे समय तक आतंकवादी हाफिज सईद का निकट सहयोगी माना जाता था । लश्कर-ए-तैयबा में उसकी भूमिका निधि एकत्र करना, नए आतंकवादियों की भर्ती करना तथा अन्य घटकों से संपर्क स्थापित करना थी । हमजा ने १९८० के दशक में अफगानिस्तान में सोवियत संघ के विरुद्ध युद्ध में भाग लिया था । इसके बाद वह हाफिज सईद तथा अन्य आतंकवादियों से जुड गया ।