ईरान के विरुद्ध युद्ध शीघ्र ही समाप्त होगा ! – Donald Trump

वाशिंगटन (अमेरिका) – ईरान के साथ चल रहा युद्ध अब समाप्त होने के अत्यंत समीप आ गया है । मुझे प्रतीत होता है कि, वह लगभग समाप्त हो चुका है । आगामी २ दिवस महत्वपूर्ण हैं, ऐसा वक्तव्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए गए एक साक्षात्कार में किया । ट्रम्प के वक्तव्य से ऐसा संकेत मिलता है कि, युद्धविराम अथवा शांति समझौते की दिशा में कोई बडा निर्णय शीघ्र ही लिया जा सकता है ।

ट्रम्प ने आगे कहा , ‘‘यदि अमेरिका ने कार्रवाई न की होती, तो ईरान अब तक परमाणु अस्त्र विकसित कर चुका होता । ईरान को अपने देश का पुनर्निर्माण करने में २० वर्ष लगेंगे । अभी तक हमारा कार्य पूर्ण नहीं हुआ है । ईरान की अब समझौता अथवा संधि करने की तीव्र इच्छा है । ईरान में अब भिन्न प्रकार का शासन है तथा कट्टरपंथियों को हटा दिया गया है ।’’

ईरान युद्ध के कारण वैश्विक मंदी आ सकती है ! – अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की चेतावनी

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने चेतावनी देते हुए कहा है कि, यदि ईरान के साथ संघर्ष और अधिक बढा तथा तैल बाजार में व्यवधान बना रहा, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था मंदी के पायदान पर आ सकती है । मुद्रा कोष ने कहा कि, अत्यंत विषम परिस्थिति में वैश्विक आर्थिक वृद्धि वर्तमान ३.१ प्रतिशत से गिरकर २ प्रतिशत तक पहुंच सकती है । कच्चे तैल की कीमतें वर्तमान में औसतन ११० डॉलर प्रति बैरल हैं तथा आगामी वर्ष, अर्थात वर्ष २०२७ में १२५ डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं ।

संपादकीय भूमिका

ट्रम्प के अब तक के व्यवहार को देखते हुए उनके कथन पर कौन विश्वास करेगा ?