हिन्दू जनजागृति समिति और हिन्दू राष्ट्र समन्वय समिति द्वारा उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर दीपू दास की हत्या के विरुद्ध जिला स्तरीय आंदोलन और ज्ञापन प्रस्तुत !

बांग्लादेश पर प्रतिबंध और कट्टरपंथी समूहों पर कडी कार्रवाई की मांग !

आंदोलन में सहभागी हिन्दुत्वनिष्ठ

धनबाद (झारखंड) – बांग्लादेश के मयमनसिंह इलाके में हिन्दू युवक दीपू चंद्र दास को कट्टरपंथियों द्वारा पेड से बांधकर जीवित जलाने और हिन्दू समाज को निशाना बनाकर उनके घरों, दुकानों एवं धार्मिक स्थलों पर सुनियोजित हमलों के विरोध में हिन्दू जनजागृति समिति और अन्य संगठनों ने झारखंड में प्रदर्शन किया । इस हिन्दू विरोधी हिंसा की कडी निंदा करते हुए रणधीर वर्मा चौक पर आंदोलन किया गया । इसके पश्चात, धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजनजी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहजी और भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें उचित कार्रवाई की मांग की गई है । इस आंदोलन में भारत सेवाश्रम संघ के स्वामी प्रज्ञात्मानंद महाराजजी, हिन्दू राष्ट्र समन्वय समिति के डॉ. निशांत दासजी, हिन्दू जनजागृति समिति के श्री. शंभू गवारेजी, तरुण हिन्दू के श्री. उज्ज्वलजी, अधिवक्ता परिषद के अधिवक्ता पंचानंद सिंहजी, विश्व हिन्दू परिषद के श्री. सुनील कुमारजी, साथ ही विश्व नागरिक संघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि एवं अन्य धर्मनिष्ठ नागरिक सहभागी हुए ।

वाराणसी (उत्तर प्रदेश) – यहां के उप जिलाधिकारी श्री. आलोक वर्माजी, पिंडरा तहसील की उप जिलाधिकारी कुमारी प्रतिभा मिश्राजी तथा सैदपुर (गाजीपुर) के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री. रामेश्वर सुधाकर शब्बनवाडजी को कार्रवाई हेतु ज्ञापन सौंपा गया । इस समय हिन्दू जनजागृति समिति के साथ अनेक हिन्दू संगठन के पदाधिकारी, अधिवक्ता तथा व्यापारी वर्ग के अनेक धर्माभिमानी उपस्थित थे ।

हिन्दू जनजागृति समिति और हिन्दू राष्ट्र समन्वय समिति द्वारा उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर दीपू दास की हत्या के विरुद्ध जिला स्तरीय आंदोलन और ज्ञापन प्रस्तुत !