JeM Women Wing : जैश-ए-मोहम्मद ने महिला शाखा की स्थापना की !

आतंकवादी मसूद अजहर

नई दिल्ली – पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने अब अपने संगठन में महिलाओं को सम्मिलित करने का निर्णय किया है । इसके अंतर्गत, जैश ने आतंकवादी मसूद अजहर के नाम से एक पत्र प्रकाशित कर अपनी महिला शाखा की स्थापना की घोषणा की । इस संगठन का नाम ‘जमात-उल-मोमिनत’ रखा गया है । उन्होंने बहावलपुर स्थित मरकज (मुख्यालय) उस्मान-ओ-अली में महिलाओं के चयन व नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है ।

मसूद अजहर की बहन है प्रमुख !

जैश की दुष्प्रचार शाखा ‘अल-कलाम मीडिया’ द्वारा प्रसारित एक पत्र में कहा गया है कि जमात-उल-मोमिनीन की महिला शाखा की प्रमुख, मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर को बनाया गया है । सादिया अजहर का पति यूसुफ अजहर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में जैश मुख्यालय पर हुए आक्रमण में मारा गया था ।

जैश ने बहावलपुर, कराची, मुजफ्फराबाद, कोटली, हरिपुर एवं मानसेहरा स्थित अपने मुख्यालयों में पढने वाली गरीब महिलाओं एवं अपने आतंकवादी कमांडरों की पत्नियों को इस महिला शाखा में नियुक्त किया है ।

महिला शाखा का उद्देश्य !

इनका उद्देश्य महिलाओं के मन को भ्रमित करके उन्हें अपने चंगुल में फंसाना है । यह शाखा मन को प्रभावित करने वाले दुष्प्रचार एवं चयन व नियुक्ति पर काम करती है । इस टोली की गतिविधियां सामाजिक माध्यम एवं कुछ मदरसों के समूह के माध्यम से चलाई जाती हैं ।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के उपरांत जैश का कदम !

जैश पहले महिलाओं के शस्त्र उठाने, युद्ध में जाने या संगठन में सम्मिलित होने के अत्यंत विरुद्ध था; किन्तु सूत्रों के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के उपरांत परिवर्तित परिस्थिति में, जैश प्रमुख मसूद अजहर एवं उसके भाई तल्हा अल सैफ ने महिलाओं को आतंकवादी गतिविधियों में सम्मिलित करने का निर्णय किया है ।

महिलाओं का उपयोग करने वाले आतंकवादी संगठन !

इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया, बोको हराम एवं हमास ने आतंकवादी अभियानों में महिलाओं का उपयोग किया है । इन संगठनों ने महिलाओं को आत्मघाती आक्रमणकारियों के रूप में उपयोग किया; किन्तु जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन ने कभी भी इस उद्देश्य के लिए महिलाओं का उपयोग नहीं किया । अब, जिस प्रकार से जैश ने अपनी महिला शाखा निर्माण की है, उसे देखते हुए संभावना है कि इन महिलाओं का उपयोग आत्मघाती बम विस्फोटों के लिए किया जाएगा ।