UN India Slams Pak : यदि तुम्हारे जले हुए विमानअड्डे तुम्हें विजय प्रतीत होते हैं, तो उसका उत्सव मनाओ !

भारत ने पाक के प्रधानमंत्री को संयुक्त राष्ट्र में ही उत्तर देते हुए फटकारा !

भारतीय प्रतिनिधि पेटल गहलोत एवं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ

न्यूयॉर्क (अमेरिका) – पाकिस्तान ९ मई तक भारत पर आक्रमण करने की धमकी दे रहा था; किन्तु १० मई के दिन भारतीय सैन्य ने पाक वायुसेना के अनेक अड्डो को नष्ट कर दिया । इसके उपरांत पाकिस्तान ने युद्ध रोकने की विनती की । यदि जले हुए वायुसेना के तल विजय हैं, तो पाकिस्तान को उसका उत्सव मनाना चाहिए, इन शब्दों में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को फटकारा ।

पाक के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने यहां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर वक्तव्य देते हुए भारत को पराजित करने का दावा किया था । उसको भारत की प्रतिनिधि पेटल गेहलोत ने करारा उत्तर देकर शरीफ की बोलती बंद कर दी ।

पेटल गेहलोत द्वारा शरीफ को दिया हुआ प्रत्युत्तर

१. आतंकवाद को प्रोत्साहन देना, यह पाकिस्तान की विदेश नीति का भाग है !
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने हास्यास्पद नाटक रचा है । वे आतंकवाद को प्रोत्साहन देते हैं । यह उनकी विदेश नीति का ही अंग है । कितना भी नाटक या असत्य बोलकर सत्य को छिपाया नहीं जा सकता ।

२. भारत एवं पाकिस्तान के मध्य सभी विषय द्विपक्षीय वार्ता द्वारा ही सुलझाए जाएंगे । इसमें किसी तृतीय पक्ष की आवश्यकता नहीं है ।

३. पाकिस्तान भारतद्वेष से ग्रस्त है, इसलिए शांति का दावा निरर्थक है । भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति स्वीकार की है।

४. पाकिस्तान की सेना आतंकवादियों को श्रद्धांजली अर्पित करती है !
‘एक चित्र सहस्र शब्द बोलता है’, ऐसा कहा जाता है । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय पाकिस्तान के बहावलपुर एवं मुरीदके स्थित आतंकवादियों के तलों पर मारे गए आतंकवादियों के अनेक चित्र हमने देखे । जब पाकिस्तानी सेना एवं अधिकारी खुले रूप से आतंकवादियों को श्रद्धांजली अर्पित करते हैं, तब उनकी शासनव्यवस्था पर संदेह नहीं होगा क्या ?

५. पाकिस्तान को आतंकवादियों के अड्डे बंद करने चाहिए !
सत्य यह है कि भारत के निर्दोष नागरिकों पर अब तक किए गए सभी आतंकवादी आक्रमणों के लिए पाकिस्तान उत्तरदायी है । हमने अपने लोगों की रक्षा करने एवं उन्हें प्रत्युत्तर देने के साथ ही अपराधियों को दंड दिलाने के अपने अधिकार उपयोग किया है । पाकिस्तान को सभी आतंकवादी अड्डे तत्काल बंद करने चाहिए तथा सभी आतंकवादियों को भारत के अधीन करना चाहिए ।

६. पाकिस्तान ने लादेन को १० वर्ष छिपाकर रखा था !
यह वही पाकिस्तान है, जिसने २५ अप्रैल २०२५ के दिन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कश्मीर स्थित एक आतंकवादी संगठन का संरक्षण किया था । यह संगठन जम्मू एवं कश्मीर में पर्यटकों की हत्या के लिए उत्तरदायी था । इसी पाकिस्तान ने ओसामा बिन लादेन को १० वर्ष छिपाकर रखा था । उनके मंत्री अब स्वीकार कर रहे हैं कि वे अनेक दशकों से आतंकवादी छावनियां चला रहे हैं ।