रूस से तेल खरीदना बंद न करने पर डोनाल्ड ट्रंप की मनमानी कार्रवाई !

 

वॉशिंगटन (अमेरिका) – भारत द्वारा रूस से तेल खरीदना बंद न करने के कारण अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अतिरिक्त २५% कर लगाने का कड़ा निर्णय लिया है । इससे पहले, ट्रंप ने भारत पर २५% कर लगाया था, जो ७ अगस्त से लागू हो रहा है । अब नया कर २७ अगस्त से लागू होगा । इस प्रकार, २७ अगस्त से भारत को अमेरिका में आयात होने वाली वस्तुओं पर कुल ५०% कर देना होगा । ऐसा कहा जा रहा है कि ट्रंप ने यह निर्णय भारत द्वारा रूस से तेल की खरीद आरंभ रखने के कारण क्रोध में लिया है । ट्रंप ने इस अतिरिक्त कर से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं ।
विदेश प्रकरणों के जानकारों का कहना है कि यह निर्णय एकतरफा तथा पक्षपातपूर्ण है । अब पूरे विश्व की दृष्टि इस बात पर टिकी है कि भारत अमेरिका की इस हठधर्मी नीति का उत्तर कैसे देता है ।