
तेल अवीव (इजराइल) / वॉशिंग्टन (अमेरिका) – अमरीका इस सप्ताह के अंत में ईरान पर आक्रमण कर सकता है, ऐसा ‘ब्लूमबर्ग’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है । रिपोर्ट में सूत्रों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि कुछ वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी ईरान पर आक्रमण की योजना बनाने में व्यस्त हैं । वे योजनाएं अभी पूर्णतः अंतिम रूप नहीं ले पाई हैं । उनमें परिवर्तन हो सकता है ।
इजराइल–ईरान के मध्य तनाव समाप्त करने का पुतिन का प्रस्ताव

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, ‘‘इजराइल और ईरान के मध्य चल रहा युद्ध समाप्त हो सकता है । इस पर समाधान निकाला जा सकता है । इस तनाव को अल्प करने के लिए रूस की ओर से सहायता दी जा सकती है । ‘ईरान को उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण रूप से चलाने दिया जाएगा, साथ ही इजराइल की सुरक्षा चिंताओं का ध्यान रखा जाएगा’, इस प्रकार के एक समझौते में रूस सहायता करना चाहता है ।’’
विश्व की प्रमुख समाचार संस्थाओं के सम्पादकों के साथ हुई चर्चा में पुतिन ने बताया कि रूस ने यह प्रस्ताव ईरान, इजराइल तथा अमेरिका को भेजा है ।
‘पहले यूक्रेन युद्ध समाप्त करें, फिर इजराइल–ईरान समस्या सुलझाएं !’ – ट्रम्प की पुतिन को टिप्पणी
पुतिन के प्रस्ताव को अमेरिका के राष्ट्राध्यक्ष डॉनल्ड ट्रम्प ने अस्वीकार कर दिया । ट्रम्प ने कहा कि मैंने कल पुतिन से बात की । उन्होंने वास्तव में मध्यस्थता का प्रस्ताव रखा; परन्तु मैंने उन्हें कहा, ‘पहले आप अपनी समस्या सुलझाएं । पहले यूक्रेन युद्ध को समाप्त कीजिए ।’
युद्ध रोकने हेतु ईरान के विदेशमंत्री ट्रम्प से भेंट कर सकते हैं

ईरान के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ को बताया कि ईरान अमेरिका से वार्ता के लिए तैयार है । ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराक्ची शीघ्र ही इजराइल से युद्ध समाप्त करने के विषय में चर्चा करने हेतु अमेरिका के राष्ट्राध्यक्ष डॉनल्ड ट्रम्प से भेंट करेंगे ।
तथापि, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनी ने पूर्व में अमेरिका से चर्चा की संभावना को अस्वीकार किया है ।
इजराइल के ४ नगरों पर ईरान का आक्रमण : ‘स्टॉक एक्सचेंज’ की इमारत को हानि

ईरान और इजराइल के मध्य युद्ध सातवें दिन भी जारी रहा । अब तक इजराइल में २४ व्यक्तियों की मृत्यु हुई है । १९ जून की प्रातः ईरान ने इजराइल के ४ नगरों पर आक्रमण किया । राजधानी तेल अवीव के समीपवर्ती रमत गन नगर पर हुए आक्रमण में २० लोग घायल हुए, ऐसा समाचार प्राप्त हुआ है । ईरान ने मध्य इजराइल में स्थित ‘स्टॉक एक्सचेंज’ (अंशों के क्रय-विक्रय का स्थान) की इमारत पर प्रक्षेपास्त्र द्वारा आक्रमण किया । इससे इस इमारत को भारी हानि पहुंची । ईरान ने इजराइल के ४ स्थानों पर प्रक्षेपास्त्र दागे । बियरशेबा नगर के सोरोका चिकित्सालय को भारी क्षति पहुंची है ।
ईरान स्थित अरक परमाणु भट्ठी पर इजराइल का आक्रमण
ईरान के शासकीय समाचार वाहिनी द्वारा प्रसारित समाचार में बताया गया कि इजराइल ने अरक में निर्मित भारी जल आधारित परमाणु भट्ठी पर आक्रमण किया है । इस आक्रमण से विकीरण का कोई संकट नहीं है; क्योंकि आक्रमण से पूर्व ही वह स्थान रिक्त कर दिया गया था । इजराइल ने पहले ही इस आक्रमण की चेतावनी देते हुए नागरिकों को उस क्षेत्र को छोडने के लिए कहा था ।
अमेरिका में ईरान के समर्थन में मोर्चा
अमेरिका में ईरान का समर्थन करने वाले लोगों ने न्यूयॉर्क नगर की सडकों पर मोर्चा निकाला । यहां टाइम्स स्क्वायर क्षेत्र में मोर्चे निकालने वालों ने ‘ईरान से दूर रहो’ ऐसी घोषणा की। न्यूयॉर्क की पुलिस ने उन्हें इजराइली वाणिज्य दूतावास की ओर जाने से रोका । यह मोर्चा ‘पैलेस्टिनी युवा आंदोलन’, ‘पीपल्स फोरम’ तथा ‘आन्सर’ नामक संगठनों ने संयुक्त रूप से आयोजित किया था ।
अब ईरान को इसकी पूरी कीमत चुकानी होगी ! – नेतन्याहू की चेतावनी

ईरान द्वारा दक्षिण इजराइल के सोरोका चिकित्सालय पर बैलेस्टिक प्रक्षेपास्त्रों द्वारा आक्रमण किए जाने के पश्चात प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर संदेश प्रसारित करते हुए कहा कि ईरान के आतंकवादी तानाशाह (आयातुल्ला अली खामेनी) के सैनिकों ने सोरोका चिकित्सालय तथा सामान्य नागरिकों को लक्ष्य बनाकर प्रक्षेपास्त्र दागे हैं । अब ईरान को इसकी पूर्ण कीमत चुकानी होगी । इजराइल, ईरान के परमाणु तथा प्रक्षेपास्त्र कार्यक्रमों को लक्ष्य बना रहा है, जो केवल हमारे लिए ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण विश्व के लिए संकट है । इसके विपरीत, ईरान इजराइली चिकित्सालयों और बच्चों को लक्ष्य बना रहा है । ईरान और इजराइल के मध्य नैतिक समानता नहीं है । इजराइल, इजराइल एवं अमेरिका को समाप्त करने की घोषणा करने वालों को नष्ट करने में कोई संकोच नहीं करेगा ।
यह सबसे घृणित प्रकार के युद्ध अपराध हैं ! – इजराइल के रक्षा मंत्री काट्ज

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि ईरानी तानाशाह सुदृढ बंकर में बैठा हुआ है और इजराइल के चिकित्सालयों तथा आवासीय इमारतों पर जानबूझकर आक्रमण कर रहा है । यह सबसे घृणित प्रकार के युद्ध अपराध हैं । इन अपराधों के लिए आयातुल्ला अली खामेनी को उत्तरदायी ठहराया जाएगा । इजराइल पर मंडरा रहे संकटों को समाप्त करने तथा आयातुल्ला शासन को अस्थिर करने के लिए ईरान के रणनीतिक लक्ष्य स्थानों तथा तेहरान स्थित शासन से संबंधित लक्ष्यों पर आक्रमण तीव्र करने के निर्देश इजराइली रक्षा बलों को दिए गए हैं, ऐसा भी उन्होंने स्पष्ट किया ।
अमेरिकी संसद में ईरान के विरुद्ध युद्ध रोकने का प्रस्ताव पारित
India-Nepal Border Dispute : नेपाल के साथ सीमा विवाद में किसी तीसरे पक्ष की आवश्यकता नहीं – भारत
बांग्लादेश के विरोध के कारण घुसपैठियों को सीमा पार वापस भेजना हुआ कठिन ।
Trump Tariff : ट्रम्प भारत सहित अनेक देशों पर १२.५ प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क लगाएंगे
Japan Illegal Mosque : जापान में पाकिस्तान द्वारा निर्मित अवैध मस्जिद को ध्वस्त किया जाएगा !
Pakistani HoneyTrap Failed : कश्मीरी युवक को ‘हनी ट्रैप’ में फंसाकर उससे गोपनीय सूचना प्राप्त करने का पाकिस्तान का षड्यंत्र विफल !