Iran US War : ईरान का हॉर्मुज में तेल टैंकरों पर आक्रमण : १ भारतीय की मृत्यु

बहरीन एवं जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर आक्रमण के पश्चात अमेरिका की जवाबी कार्रवाई

तेहरान (ईरान) – संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हॉर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान के समुद्री क्षेत्र के निकट उसकी दो तेल टैंकरों पर ईरान की ओर से मिसाइल आक्रमण किया गया । ‘मोम्बासा’ एवं ‘अल बाहिया’ नामक इन टैंकरों पर हुए आक्रमण में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए ।

दूसरी ओर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने मिसाइलों एवं ड्रोन के माध्यम से बहरीन स्थित अल-जुफैर सैन्य अड्डे तथा अमेरिकी पांचवें बेडे (5th Fleet) के मुख्यालय पर आक्रमण किया है । इसके अतिरिक्त जॉर्डन में अमेरिकी वायुसेना के एक अड्डे तथा अन्य महत्त्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों को भी बैलिस्टिक मिसाइलों से लक्ष्य बनाया गया ।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि ईरान पर की गई जवाबी कार्रवाई में बुशेहर, चाबहार, जास्क, कोनारक, अबू मूसा एवं बंदर अब्बास स्थित सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाया गया । वर्तमान में खाडी क्षेत्र में अमेरिका के ५०,००० से अधिक सैनिक तैनात हैं ।

संयुक्त अरब अमीरात ने की निंदा

संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान के आक्रमणों की कडे शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन तथा क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर संकट है । अमीरात ने स्पष्ट किया कि इन बढती सैन्य कार्रवाइयों का उचित उत्तर देने का अधिकार वह सुरक्षित रखता है ।

भारत ने ईरानी अधिकारियों को समन जारी किया

आक्रमण में भारतीय कर्मचारी की मृत्यु के उपरांत भारत के विदेश मंत्रालय ने ईरानी राजनयिक अधिकारियों को समन जारी किया है । भारत ने ईरानी दूतावास से इस आक्रमण पर स्पष्टीकरण मांगा है तथा घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है ।

हॉर्मुज से गुजरनेवाले जहाजों पर २० प्रतिशत कर लगाया जाएगा ! – ट्रंप की घोषणा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा एवं उसकी सुरक्षा का दायित्व (जिम्मेदारी) अमेरिका निभाएगा । स्वयं को “हॉर्मुज जलडमरूमध्य का संरक्षक” बताते हुए ट्रंप ने कहा कि इस व्यवस्था का खर्च वहन करने के लिए जलडमरूमध्य से गुजरनेवाले सभी माल पर २० प्रतिशत कर लगाया जाएगा ।

उन्होंने कहा कि ईरानी जहाजों तथा उनके ग्राहकों पर प्रतिबंध जारी रहेगा, किंतु अन्य सभी देशों के जहाज बिना किसी बाधा के हॉर्मुज जलडमरूमध्य से निकल सकेंगे । इस नई व्यवस्था को तत्काल लागू करने की दिशा में कार्य प्रारंभ किया जाएगा ।

हॉर्मुज़ पर नियंत्रण नहीं छोडेंगे ! – ईरान

ट्रंप की घोषणा पर ईरान ने कडी प्रतिक्रिया व्यक्त की है । ईरानी सेना के खातम अल-अंबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका का किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है ।
उन्होंने कहा कि इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा एवं प्रबंधन का अधिकार ईरान का है तथा उसकी रक्षा के लिए ईरान हर आवश्यक कदम उठाएगा । ईरान हॉर्मुज पर अपना नियंत्रण बनाए रखेगा तथा अमेरिकी हस्तक्षेप अथवा दबाव के आगे नहीं झुकेगा ।

अमेरिका–ईरान तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में ३ प्रतिशत से अधिक वृद्धि

अमेरिका तथा ईरान के बीच बढते तनाव की पृष्ठभूमि में १३ जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में ३ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई । दोपहर के कारोबार में ब्रेंट क्रूड का भाव बढकर लगभग ७८ डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया ।