मुंबई के जुहू समुद्र तट पर कचरे का साम्राज्य !

समाचार चैनल द्वारा वृत्त दिखाए जाने के पश्चात महानगरपालिका प्रशासन जागा !

मुंबई – मुंबई के प्रसिद्ध जुहू समुद्र तट पर बडी मात्रा में कचरा जमा हो गया था । इसमें प्लास्टिक, थर्माकोल, कपडे, थैलियां, गीला कचरा तथा अन्य प्रकार की गंदगी भी थी । समुद्र में ज्वार आने के कारण तट पर बडी मात्रा में ऐसा कचरा आ जाता है; किन्तु महानगरपालिका प्रशासन द्वारा उसे समय पर नहीं हटाया गया । एक समाचार चैनल द्वारा यह वृत्त दिखाए जाने के पश्चात महानगरपालिका प्रशासन सक्रिय हुआ तथा उसने कचरा हटाने का कार्य प्रारंभ किया । कचरे की मात्रा को देखते हुए उसके शीघ्र हट जाने की संभावना बहुत कम है ।

स्थानीय नगरसेविका सुधा सिंह ने कहा, ‘‘कचरा हटाने के लिए उपलब्ध जनशक्ति और वाहनों की संख्या अपर्याप्त है । व्यवस्था बढाने की मांग लगातार महानगरपालिका से की गई है । कचरे की मात्रा अधिक होने के कारण पूरे समुद्र तट को एक ही दिन में साफ करना संभव नहीं है । इसके लिए सुनियोजित अभियान चलाने की आवश्यकता है ।’’

संपादकीय भूमिका

  • यदि समाचार चैनल ने यह वृत्त नहीं दिखाया होता, तो महानगरपालिका प्रशासन इस कचरे को कब हटाने वाला था ?
  • समुद्र में ज्वार आने के पश्चात इतना कचरा तट पर आ गया था, फिर उसे तुरंत हटाने की योजना क्यों नहीं बनाई गई ?