Railways New Rule : व्हाट्सऐप पर दिखाया गया रेलवे का अनारक्षित टिकट अमान्य : ‘रेल वन’ ऐप में उपलब्ध मूल टिकट दिखाना अनिवार्य

टिकटों की जाली प्रतियां बनाकर की जाने वाली धोखाधडी रोकने के लिए रेलवे का निर्णय

नई दिल्ली – भारतीय रेलवे ने अनारक्षित टिकटों के संबंध में नया नियम लागू किया है । इसके अनुसार अब व्हाट्सऐप पर प्राप्त टिकट, उसका स्क्रीनशॉट अथवा किसी अन्य माध्यम से साझा (भेजा या प्राप्त किया गया) टिकट यात्रा के लिए वैध नहीं माना जाएगा । टिकट जांच के समय यात्रियों को रेलवे के आधिकारिक ‘रेल वन’ ऐप में उपलब्ध मूल टिकट ही प्रस्तुत करना होगा । ऐसा न करने पर नियमानुसार जुर्माना अथवा अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा सकती है ।

इसके अतिरिक्त, जिस मोबाइल नंबर से टिकट बुक किया गया है, उसी पंजीकृत मोबाइल फोन का यात्रा के समय यात्री के साथ होना अनिवार्य होगा । साथ ही, यात्री को अपना फोटोयुक्त वैध पहचान-पत्र भी साथ रखना होगा । टिकटों की जाली प्रतियां बनाकर की जाने वाली धोखाधडी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे ने यह निर्णय लिया है ।