Hormuz Strait : हॉर्मुज जलडमरूमध्य भारत की नौकाओं के लिए खुली रहेगी ! – ईरान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची

नई दिल्ली – ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य अपने शत्रु देशों के लिए बंद कर दिया है, परंतु भारत के लिए इसे खुला रखने की घोषणा की है । ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया कि यह मार्ग सभी के लिए बंद नहीं है । उन्होंने कहा कि हमने अपने मित्र देशों के लिए इसे खुला रखा है; परंतु शत्रुओं को यहां से तेल का एक बूंद भी नहीं ले जाने देंगे । भारत, ईरान के पांच सबसे प्रिय मित्र देशों में से एक है तथा भारतीय जहाजों को हॉर्मुज़ मार्ग से सुरक्षित आवागमन की अनुमति दी गई है ।

क्या है ईरान की नई रणनीति ?

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस द्वारा हॉर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने की अपील के पश्चात ईरान ने अपनी स्थिति स्पष्ट की । ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, चीन, रूस, भारत, इराक एवं पाकिस्तान के जहाजों को इस मार्ग से गुजरने में कोई बाधा नहीं होगी । इसके विपरीत, अमेरिका, इजराइल एवं उनके सहयोगी देशों से जुडे जहाजों को शत्रु माना जाएगा तथा उनके लिए यह मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा । जिन देशों ने ईरान के विरुद्ध किसी भी आक्रामक कार्रवाई में भाग नहीं लिया है, केवल उन्हीं को इस मार्ग से जाने की अनुमति दी जाएगी । इसके लिए ईरानी नौसेना के साथ समन्वय अनिवार्य होगा ।

भारतीय युद्धपोत कर रहे हैं सुरक्षा !

भारत के १८ जहाज हॉर्मुज क्षेत्र में फंसे हुए थे; परंतु भारत की सफल कूटनीति के कारण पेट्रोलियम उत्पाद लेकर आनेवाले ४ जहाज सुरक्षित बाहर निकल चुके हैं एवं ५ अन्य जहाज शीघ्र ही भारत पहुंचनेवाले हैं । इन जहाजों की सुरक्षा के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन ऊर्जा सुरक्षा’ आरंभ किया है । भारतीय नौसेना ने अरब सागर एवं ओमान की खाडी में ५ से अधिक उन्नत युद्धपोत तैनात किए हैं । एलपीजी, एलएनजी एवं कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए भारतीय नौसेना सुरक्षा कवच बनकर भारतीय व्यापारिक जहाजों की रक्षा कर रही है ।