Maharashtra ATS Raid : आतंकवाद विरोधी दस्ते की पुणे-पिंपरी चिंचवड में २३ से अधिक स्थानों पर छापेमारी !

  • पाकिस्तानी गुंडा शहजाद भट्टी के भारतीय युवाओं से संपर्क में होने की आशंका

  • ६६ व्यक्तियों से पूछताछ होने की सूचना

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी

पुणे – महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संबद्ध होने की आशंका वाले जाल (नेटवर्क) पर बडी कार्रवाई करते हुए पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड परिसर में २३ से अधिक स्थानों पर छापेमारी की । इस अवधि में भट्टी से संपर्क में होने की आशंका के कारण ६६ व्यक्तियों को खोजकर उनसे पूछताछ की गई । इस कार्रवाई के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दूरभाष (मोबाइल) तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य अधिग्रहित किए गए हैं । इस कार्रवाई के अंतर्गत कुछ संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर उनकी पूछताछ चालू होने की सूचना ए.टी.एस. ने दी है । इस अभियान के अंतर्गत संपूर्ण राज्य से लगभग ११२ से अधिक संदिग्ध लोगों से गहन पूछताछ की गई है ।

पाकिस्तान की गुप्तचर संस्था ‘आई.एस.आई.’ (ISI) के निर्देश पर शहजाद भट्टी तथा उसके सहयोगी भारत में गुप्त ‘नेटवर्क’ (यंत्रणा) चला रहे थे । ये संदिग्ध फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम तथा व्हाट्सएप जैसे सामाजिक माध्यमों का उपयोग करके भारतीय युवाओं के संपर्क में आ रहे थे । अनेक बेरोजगार एवं संवेदनशील युवाओं को स्वयं के जाल में फंसाने का प्रयास इस गिरोह द्वारा किया जा रहा था ।