
नई दिल्ली – यदि ईरान ने ४८ घंटों के भीतर होर्मुझ की जलडमरूमध्य (सामुद्रधुनी) को मुक्त नहीं किया, तो अमेरिका ईरान की ऊर्जा परियोजनाओं पर आक्रमण कर उन्हें नष्ट कर देगा तथा इसकी प्रक्रिया सबसे बड़ी परियोजना से आरंभ होगी, ऐसी चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को दी है ।
अमेरिका-इजरायल की परियोजनाएं ध्वस्त करेंगे ! – ईरान का प्रत्युत्तर
ट्रम्प की इस चेतावनी पर ईरान के ‘खातम अल-अनबिया सेंट्रल कमांड’ के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फाघारी ने प्रत्युत्तर देते हुए कहा कि यदि हमारी ऊर्जा परियोजनाओं को लक्षित किया गया, तो हम भी मध्य-पूर्व में अमेरिका एवं इजरायल से संबंधित समस्त ऊर्जा आधारभूत संरचनाओं पर आक्रमण करेंगे । हम जल-विपक्षालन संयंत्रों (डिसेलिनेशन प्लांट) तथा सूचना-प्रौद्योगिकी सुविधाओं पर भी प्रहार करेंगे ।
होर्मुझ के विषय में संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी एवं जापान सहित २२ देश एक साथ आए हैं । उन्होंने कहा है कि होर्मुझ का मार्ग अवरुद्ध करना अंतर्राष्ट्रीय विधि (कानून) का उल्लंघन है । ईरान को अपने आक्रमण रोककर समुद्री मार्ग खोलना चाहिए ।
शत्रु देशों के अतिरिक्त अन्य देशों के लिए जलमार्ग खुला ! – ईरान
ईरान द्वारा यह घोषणा की गई है कि होर्मुझ जलडमरूमध्य सभी देशों की नौकाओं के लिए मुक्त है; किंतु शत्रु देशों से संबंधित नौकाओं को प्रवेश नहीं दिया जाएगा । शत्रु देशों की सूची में अमेरिका, इजरायल तथा उनके सहयोगी देश सम्मिलित हैं । ज्ञात हो कि होर्मुझ मार्ग से विश्व का लगभग २० % तेल परिवहन होता है, अतः वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है ।
ईरान में ४ सप्ताह से इंटरनेट सेवाएं बंद
ईरान में विगत ४ सप्ताहों से इंटरनेट सेवाएं खंडित हैं । ‘नेटब्लॉक्स’ संस्था के अनुसार, बाह्य विश्व से जोड़ने वाली इंटरनेट कडियां पूर्णतः विच्छेदित कर दी गई हैं एवं देश के भीतर इंटरनेट का उपयोग अत्यंत सीमित है । सरकार ने वीपीएन एवं उपग्रह इंटरनेट (सैटेलाइट इंटरनेट) पर भी प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे नागरिकों के पास अब विकल्प अत्यंत कम रह गए हैं ।
श्रीलंका में पेट्रोल तथा डीजल के मूल्यों में वृद्धि

श्रीलंका में पेट्रोल तथा डीजल की कीमतों में पुनः वृद्धि की गई है । दो सप्ताह के भीतर यह दूसरी मूल्य वृद्धि है । पेट्रोल का मूल्य अब ३९८ रुपये प्रति लीटर हो गया है, जो पूर्व में ३१७ रुपये था । डीजल का मूल्य भी बढकर ३८२ रुपये प्रति लीटर हो गया है । राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने स्पष्ट किया कि युद्ध के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है; अतः राष्ट्र को इसके लिए पूर्व से ही तैयार रहना आवश्यक है ।
ईरान ने इजरायल के डिमोना स्थित परमाणु केंद्र पर दागी मिसाइल
ईरान तथा अमेरिका-इजरायल ने २१ मार्च को एक-दूसरे के सर्वाधिक सुरक्षित परमाणु केंद्रों को लक्षित कर युद्ध की विभीषिका बढा दी । इजरायल एवं अमेरिका के वायुसेना दल ने ईरान की मुख्य परमाणु भट्टी ‘नतांज’ पर भीषण आक्रमण किया । इसके प्रत्युत्तर में उसी रात्रि ईरान ने इजरायल के परमाणु आयुध केंद्र डिमोना नगर पर आक्रमण किया । ईरान ने इस नगर पर बैलिस्टिक मिसाइलों की वर्षा की । एक मिसाइल आवासीय क्षेत्र में गिरने से एक बहुमंजिला भवन ताश के पत्तों के समान ढह गया, जिसमें ४७ व्यक्ति घायल हुए ।
डिमोना नगर ‘लिटिल इंडिया’ : मराठी भाषियों की संख्या अधिक !
ईरान द्वारा आक्रमित डिमोना नगर को ‘लिटिल इंडिया’ भी कहा जाता है; क्योंकि यहां भारतीय मूल के यहूदी बड़ी संख्या में निवास करते हैं । यहां की ३० % जनसंख्या, अर्थात लगभग ७ सहस्त्र ५०० लोग भारतीय मूल के हैं, जिनमें से अधिकांश मराठी भाषी हैं । वे महाराष्ट्र के ‘बेने इजरायली’ समुदाय से हैं । इस नगर में मराठी भाषा, भारतीय खाद्य संस्कृति तथा परंपराओं का स्पष्ट प्रभाव दृष्टिगोचर होता है । वहां के मार्गों पर सोनपापड़ी, गुलाब जामुन एवं भेलपुरी सरलता से उपलब्ध होते हैं । साथ ही, डिमोना में क्रिकेट भी अत्यंत लोकप्रिय है ।
अमेरिका-इजरायल यात्री नौकाओं को लक्षित कर रहे हैं ! – ईरान का आरोप
ईरानी सेना ने आरोप लगाया कि अमेरिका तथा इजरायल खाडी क्षेत्र में निजी एवं यात्री नौकाओं को निशाना बना रहे हैं । यदि यह नहीं रुका, तो हम ऐसा प्रतिशोध लेंगे जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी । दूसरी ओर, इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कहा कि आगामी सप्ताह में ईरान पर आक्रमणों की तीव्रता अत्यधिक बढ़ा दी जाएगी ।
अमेरिकी संसद में ईरान के विरुद्ध युद्ध रोकने का प्रस्ताव पारित
India-Nepal Border Dispute : नेपाल के साथ सीमा विवाद में किसी तीसरे पक्ष की आवश्यकता नहीं – भारत
बांग्लादेश के विरोध के कारण घुसपैठियों को सीमा पार वापस भेजना हुआ कठिन ।
Paris Riot : फ्रांस सरकार को अब ‘शून्य सहनशीलता’ (Zero Tolerance) की नीति अपनानी चाहिए !
Trump Tariff : ट्रम्प भारत सहित अनेक देशों पर १२.५ प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क लगाएंगे
Japan Illegal Mosque : जापान में पाकिस्तान द्वारा निर्मित अवैध मस्जिद को ध्वस्त किया जाएगा !