UP Namaz On Road : सडकों पर नमाज पढनेवालों का पासपोर्ट निरस्त होगा !

उत्तर प्रदेश के मेरठ पुलिस प्रमुख की चेतावनी

मेरठ (उत्तर प्रदेश) – यहां सडकों पर नमाज पढने के प्रकरण में पुलिस ने कठोर मत अपनाया है । शहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा ने चेतावनी दी है कि यदि सार्वजनिक रास्तों को रोककर नमाज पढी गई, तो संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई होगी तथा उनके पासपोर्ट भी निरस्त किए जा सकते हैं ।

१. मेरठ पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक प्रार्थनाएं केवल निर्धारित स्थलों पर ही की जानी चाहिए । ऐसे स्थानों पर जमा होकर नमाज पढने की अनुमति नहीं है, जहां सार्वजनिक यातायात बाधित होता हो । पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था न बिगडे एवं नागरिकों को कष्ट न हो, इसलिए यह कदम उठाया गया है ।

२. प्रशासन ने आवाहन किया है कि ‘सडकों पर नमाज पढने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध परिवाद पंजीकृत किए जा सकते हैं । ऐसे प्रकरणों का रिकॉर्ड सरकारी अभिलेखों में रह सकता है, जिसका असर पासपोर्ट सत्यापन (वेरिफिकेशन) या विदेश यात्रा से संबंधित प्रक्रियाओं पर पड सकता है । इसलिए नागरिकों को नियमों का पालन करना चाहिए ।’

३. प्रशासन ने कहा है कि धार्मिक कार्यक्रमों के लिए स्थानीय अधिकारियों से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है । सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के बडी संख्या में जमा होने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ऐसी चेतावनी भी दी गई है ।