जुन्नर एवं आंबेगांव तहसील के ८ मंदिरों की दानपेटिकाएं तोडकर चोरी करने वाले २ चोर बंदी !

पुणे – चोरों ने २३ फरवरी की रात्रि में आळे ग्राम स्थित खंडोबा मंदिर की दानपेटिका तोडकर सुवर्ण एवं रजत (चांदी) की परत चढ़े आभूषण तथा नकद राशि सहित कुल २० सहस्र रुपयों की संपत्ति चोरी की थी । पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने उक्त घटना की जांच करते समय घटनास्थल तथा सी.सी.टी.वी. छायाचित्रण का सूक्ष्म परीक्षण किया एवं अपराध की कार्यपद्धति का अध्ययन किया । प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर उन्होंने सुनील आगिवले एवं भीमा गुन्हे को पुणे-नाशिक महामार्ग पर स्थित कांदली फाटा नामक स्थान से नियंत्रण में लिया ।

पूछताछ के समय अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आळेफाटा, नारायणगांव, जुन्नर, मंचर, रांजणगांव एवं संगमनेर परिसर के मंदिरों में चोरी की है । अभियुक्तों के पास से चोरी हेतु प्रयुक्त दुपहिया वाहन, कटावणी (लोहे की छड़), ‘स्क्रू ड्राइवर’, नकद राशि तथा चांदी की पादुकाएं सहित कुल १ लाख १९ सहस्र रुपयों की सामग्री प्राप्त की गई है । न्यायालय ने अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश सुनाया है ।