Kerala Imam Appeal : अट्टुकल पोंगाला उत्सव के उपलक्ष्य में हिन्दू भक्तों हेतु मस्जिदें तथा घर खुले रखें !

केरल के इमाम का मुसलमानों से आह्वान

(इमाम का अर्थ है मस्जिद में प्रार्थना कराने वाला व्यक्ति)

इमाम वी.पी. सुहैब मौलवी

तिरुवनंतपुरम (केरल) – केरल के पलयाम स्थित इमाम वी.पी. सुहैब मौलवी ने यह आह्वान किया है कि, “आगामी अट्टुकल पोंगाला उत्सव के अवसर पर हिन्दू श्रद्धालुओं के लिए मस्जिदें तथा मुसलमानों के घर खुले रखे जाएं । उनके लिए भोजन तथा पेयजल की व्यवस्था की जाए ।” अनेक लोगों ने इस पहल की प्रशंसा की है ।

तिरुवनंतपुरम में स्थित अट्टुकल भगवती मंदिर में मनाया जाने वाला ‘अट्टुकल पोंगाला’ १० दिवसीय प्रसिद्ध उत्सव है । इस वर्ष यह उत्सव ३ मार्च से प्रारंभ हो रहा है । इसे विश्व में महिलाओं के सबसे बडे धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है । विभिन्न आयु वर्ग की लाखों महिलाएं राजधानी में एकत्रित होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होती हैं ।

इस्लाम विरोधी भावना तथा द्वेष का उत्तर केवल प्रेम एवं भ्रातृत्व से ही संभव !

डॉ. सुहैब मौलवी ने अपने संदेश में कहा है कि “विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पोंगाला रमजान की अवधि में ही आ रहा है । पोंगाला के लिए आने वाली बहनों एवं उनके बालकों के साथ रमजान का आनंद, भ्रातृत्व एवं प्रेम साझा करने का अवसर हमें प्राप्त होना चाहिए । उन्हें पेयजल तथा रमजान के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं । उनके विश्राम की समुचित व्यवस्था की जाए । ऐसी परिस्थिति निर्मित करें कि हमारी मस्जिद तथा घर उनके लिए पूर्णतः खुले हों । यह हमारे लिए प्रेम एवं बंधुत्व प्रदर्शित करने का सुअवसर है । देश तथा विश्व में बढती इस्लाम विरोधी भावना एवं द्वेष का प्रभावी उत्तर केवल प्रेम तथा भ्रातृत्व से ही दिया जा सकता है । यह उत्सव परस्पर सौहार्द के संदेश को सुदृढ करने का एक अवसर है ।”

संपादकीय भूमिका 

आगे चलकर इफ्तार एवं ईद के निमित्त हिन्दुओं से मंदिर तथा घर खुले रखने की मांग मुसलमानों अथवा कथित प्रगतिशील हिन्दुओं द्वारा की जाए, तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए !