US Historical statues : अमेरिका का संग्रहालय तमिलनाडु की ३ ऐतिहासिक मूर्तियाँ लौटाएगा l

शिव नटराज मूर्ति

वॉशिंग्टन डी.सी. (अमेरिका) – यहां स्थित नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट ने भारत की ३ प्राचीन तथा अत्यंत महत्वपूर्ण मूर्तियां भारत सरकार को लौटाने के निर्णय की घोषणा की है । ये तीनों मूर्तियां दक्षिण भारत की कांस्य शिल्पकला के उत्कृष्ट उदाहरण मानी जाती हैं । इन मूर्तियों का संबंध तमिलनाडु के मंदिरों से था ।

लौटाई जाने वाली मूर्तियों में चोल काल की शिव नटराज मूर्ति, चोल काल की ही सोमास्कंद मूर्ति, तथा विजयनगर काल की संत सुंदरर एवं परवै की संयुक्त मूर्ति शामिल हैं ।

शिव नटराज मूर्ति अमेरिका में ही दीर्घकालीन ऋण पर रहेगी ।

संग्रहालय ने स्पष्ट किया है कि शिव नटराज मूर्ति भारत सरकार के साथ हुए समझौते के अनुसार अमेरिका में ही रहेगी । यह मूर्ति दीर्घकालीन ऋण (लॉन्ग टर्म लोन) पर रखी जाएगी । इसका अर्थ यह है कि मूर्ति का स्वामित्व भारत के पास ही रहेगा, परंतु उसका प्रदर्शन संग्रहालय में ही रहेगा । साथ ही, मूर्ति को मंदिर से हटाए जाने से लेकर भारत को वापस सौंपे जाने तक का पूरा इतिहास आम जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा ।