Denmark Warns US : ‘पहले गोलियां चलाएंगे, फिर प्रश्न पूछेंगे !’

ग्रीनलैंड अधिग्रहित करने के अमेरिकी मंसूबों पर डेनमार्क की प्रतिक्रिया

कोपेनहेगन (डेनमार्क) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व के सबसे बडे द्वीप ‘ग्रीनलैंड’ पर नियंत्रण पाने के प्रयास आरंभ कर दिए हैं । उन्होंने धमकी दी है कि ‘समय आने पर ग्रीनलैंड को डेनमार्क से छीन लिया जाएगा’ । इस पर ग्रीनलैंड क्षेत्र वाले डेनमार्क के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यदि अमेरिका ने ग्रीनलैंड पर आक्रमण किया, तो हमारे सैनिक ‘पहले गोलियां चलाएंगे उसके पश्चात प्रश्न पूछेंगे’ । वे वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की प्रतीक्षा करने की अपेक्षा आक्रमणकारियों पर प्रतीआक्रमण करेंगे । मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसा करना सेना के वर्ष १९५२ के ‘रूल्स ऑफ एंगेजमेंट’ के अनुरूप है ।

१. ‘व्हाइट हाउस’ की (अमेरिका के राष्ट्र कार्यालय तथा निवासस्थान) प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने स्पष्ट किया है कि ग्रीनलैंड को नियंत्रित करना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्राथमिकता वाला कदम है । आर्कटिक क्षेत्र में अपने शत्रुओं को रोकने के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण है ।

२. जबकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले सप्ताह डेनिश एवं ग्रीनलैंड के अधिकारियों से मिलने वाले हैं । उन्होंने कहा, ‘ट्रम्प इस द्वीप को खरीदना चाहते हैं तथा सैन्य बल का प्रयोग नहीं करना चाहते’ ।

३. दूसरी ओर, डेनमार्क ने संवाद की आवश्यकता बताते हुए अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक का स्वागत किया है ।

४. इससे पहले डेनमार्क ने बार-बार कहा है कि ग्रीनलैंड द्वीप बिक्री के लिए नहीं है ।