Pakistan-Afghanistan Conflict : पाकिस्तान फिर से अफगानिस्तान पर आक्रमण कर सकता है !

इस्लामाबाद में विस्फोट के उपरांत पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की प्रत्युत्तर कार्रवाई की चेतावनी

इस्लामाबाद (पाकिस्तान) – पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि अफगानिस्तान में आतंकवादी अड्डों पर कार्रवाई की जा सकती है । इस्लामाबाद तथा खैबर पख्तूनख्वा में ११ नवंबर को हुए आक्रमणों के पश्चात आसिफ ने यह बयान दिया । इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती आक्रमण में १२ लोगों की मृत्यु हो गई एवं ३६ लोग घायल हो गए ।

१. पाकिस्तान के समाचार चैनल ‘जियो न्यूज’ को दिए एक साक्षात्कार में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि यदि ईश्वर की इच्छा हुई, तो हम निश्चित रूप से उत्तर देंगे । अफगानिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर आक्रमण होने की संभावना को अस्वीकार नहीं जा सकता । इस्लामाबाद में हुए आक्रमण के उपरांत पाकिस्तान को कार्रवाई करने के लिए बाध्य किया जा रहा है ।

२. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज ने इस आक्रमण के लिए भारत को उत्तरदायी ठहराया, तो रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगान सरकार को उत्तरदायी ठहराया । ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि अफगानिस्तान की भूमि से आतंकवादी पाकिस्तान में घुसपैठ कर रहे हैं । पिछले वर्ष पाकिस्तान में २ सहस्र ५०० से ३ सहस्र आतंकवादी भेजे गए थे । मारे गए आतंकवादियों में से ५५ प्रतिशत अफगानी थे ।

३. इस्लामाबाद विस्फोट से एक दिन पहले पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा के वाना शहर स्थित सैन्य महाविद्यालय पर हुए आतंकवादी आक्रमण को विफल कर दिया था । इस कार्रवाई में २ आतंकवादी मारे गए, जबकि ३ लोग महाविद्यालय परिसर के एक भवन में घिर गए थे । इस आक्रमण में लगभग १६ नागरिक तथा कुछ सैनिक घायल हुए ।