India Cloudbursts : भारत में ३ सप्ताहोंमें ३ राज्योंमें बादल फटनेसे ८० व्यक्तियों की मृत्यु !

  • जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड राज्यों का सम्मिलित

  • हिमाचल प्रदेशमें चल रही मणिमहेश यात्रामें ११ भक्तों की भूस्खलन में मृत्यु !

नई देहली – हिमाचल प्रदेश के चम्बा जनपद में स्थित भरमौर में मूसलधार वर्षा के समय मणिमहेश यात्राको गये ११ भक्तों की भूस्खलन में मृत्यु हुई है । मृतकों में से ३ व्यक्ति पंजाब राज्य के, १ व्यक्ति उत्तरप्रदेश का एवं ५ व्यक्ति चंबाके निवासी हैं । अभी तक दो व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है । अधिकारियों के अनुसार पर्वत से पत्थर गिरने से तथा आक्सीजन की न्यूनता (कमी) से लोगों की मृत्यु हुई । भरमौर में अनुमानतः ३ सहस्र भक्त फंसे हुए हैं । गत सप्ताह इस क्षेत्र में हुए भूस्खलन में ७ भक्तों की मृत्यु हुई थी । २१ दिनों में बादल फटने से ३ राज्यों में ८० से अधिक लोगों की मृत्यु हुई है ।

अति मूसलधार वर्षा से उत्तराखंड राज्य में हुई घटनाएं !

१. उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर बादल फटना !


२८ अगस्तकी रात्रि को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली एवं टिहरी गढवाल जनपदों में बादल फटे । इससे अनेक लोग लापता हुए हैं । रुद्रप्रयाग के प्रभावित क्षेत्र से ७० से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया है । ४ नेपाली एवं ४ स्थानीय कुल ८ श्रमिक मलबे के नीचे फंसे हैं ।

२. बद्रीनाथ यात्रा का राजमार्ग जलमग्न !
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा तथा मंदाकिनी नदियों का जल संकटकारी स्तरपर है । बद्रीनाथ यात्रा का राजमार्ग अलकनंदा नदीमें डूब गया है । इससे श्रीनगर-रुद्रप्रयाग के मध्य यातायात स्थगित हुआ है ।

३. केदारनाथ घाटी के लावारा ग्राम के मार्गपर स्थित एक सेतु प्रबल प्रवाह में बह गया है ।

४. चमोली में अनेक परिवार मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है ।

पंजाब में आये बाढ से अभी तक ६ जनों की मृत्यु !

पंजाबके पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरणतारण, फाजिल्का तथा कपूरथला जनपद बाढ की चपेट में हैं । यहां के २५० से अधिक ग्राम ५ से १५ फुट जल से भर गये हैं । अभी तक ६ लोगों की बाढ से मृत्यु हुई है । ३ व्यक्ति लापता हैं ।

अन्य महत्त्वपूर्ण घटनाएं !

१. हरियाणाके पंचकुला में टांगरी नदीपर बने पुल का बडा भाग बह गया ।

२. ओडिशा के १०० ग्राम लगातार पांचवें दिन बाढ के जल में डूब गये ।

३. हिमाचल प्रदेश के मंडी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर से जल बह रहा है ।

४. छत्तीसगढ राज्य के ८ जनपदों में मूसलधार वर्षा से २ सहस्र से अधिक लोगों को सहायता शिविरों में स्थानान्तरित किया गया । राज्य में २०० गृह ढह गये हैं ।

श्री वैष्णोदेवी यात्रा लगातार चतुर्थ दिन स्थगित !

श्री वैष्णोदेवी तीर्थक्षेत्र मंडल ने यात्रियों को अगली सूचना मिलनेतक यात्रा न करने की सलाह दी है । साथ ही तीर्थक्षेत्र मंडल एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रसारित किये गये अधिकृत निर्देशों का पालन करने को कहा है । २६ अगस्त को कटरा स्थित श्री वैष्णोदेवी यात्राके मार्गपर बादल फटने से भूस्खलन हुआ था । उसमें ३५ व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी, तथा २३ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं ।

जम्मू-कश्मीर का ११५ वर्ष पुराना अभिलेख (रिकॉर्ड) टूटा, वर्षा से ४१ लोगों की मृत्यु!

जम्मू-कश्मीर में सतत हो रही अति मूसलधार वर्षा ने ११५ वर्ष का अभिलेख तोडा है । अभीतक यहां वर्षा से ४१ लोगों की मृत्यु हुई है । सभी विद्यालयों को अगले आदेश तक बंद रखा गया है । झेलम नदीकी जल-स्तर संकटकारी स्तर से अधिक होने से दक्षिण कश्मीर में बाढ की चेतावनी दी गई है ।