Moscow ISIS Attack : रूस में आतंकवादी आक्रमण में ९० की मृत्यु  एवं १४५ घायल

  • मरने वालों की संख्या बढने की आशंका है

  • इस्लामिक स्टेट ने लिया आक्रमण का उत्तरदायित्व

मॉस्को (रूस) – रूस की राजधानी मॉस्को में एक संगीत कार्यक्रम के समय सभागृह पर इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के आक्रमण में कम से कम ९० लोग मारे गए और १४५ से अधिक घायल हो गए। प्राण गंवाने वालों की संख्या बढने की आशंका है क्योंकि इनमें से अधिकतर की स्थिति गंभीर है। आक्रमण का उत्तरदायित्व इस्लामिक स्टेट ने लिया है। विशेष बात यह है कि रूस में पूर्व में भी ऐसे बडे आतंकी आक्रमण हो चुके हैं।

सौजन्य: The Telegraph

१. इस संगीत कार्यक्रम  के समय सभागृह में ६ सहस्त्र श्रोता उपस्थित थे। उसी समय ६-७  आतंकी सभागृह में घुसे और बंदूकों से अंधाधुंध गोलीबारी करने लगे । वे लगभग १५ से २०  मिनट तक गोलीबारी करते रहे। अनेक लोगों की मृत्यु उसी समय हो गई। इन आतंकियों ने सभागृह में विस्फोट भी किया और आग लगा दी। ये सभी आतंकी सैनिकों के परिधान में पहुंचे थे।

आतंकी सभागृह में घुसे और बंदूकों से अंधाधुंध गोलीबार

२. रूसी सामाजिक माध्यमों के समाचारों के अनुसार, आतंकियों ने पहले सभागृह के बाहर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर गोलीबारी की और तदनंतर सभागृह में घुस गए। इस आक्रमण की जानकारी मिलते ही रूसी सैनिक वहां पहुंच गए। उन्होंने आतंकियों के विरुद्ध मोर्चा सम्हाल लिया । ऐसा बताया जा रहा है कि आतंकियों के विरुद्ध कार्रवाई अभी भी चल रही है। इस कार्रवाई में कितने आतंकियों को मारा गया अभी यह स्पष्ट नहीं है। रूसी रक्षा मंत्री ने कहा कि रूसी सेना ने आतंकियों को प्रत्युत्तर दिया है।

३. आक्रमण के उपरांत रूस के हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और विभिन्न शहरों में सुरक्षा कडी कर दी गई है। मॉस्को के मेयर ने नगर में सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं तथा नगर के प्रेक्षागृह और संग्रहालय २ दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं।

पुतिन ने अमेरिका की निंदा की क्योंकि अमेरिकी दूतावास ने आक्रमण की पूर्व सूचना दी थी!

रूस में अमेरिकी दूतावास ने पहले ही ऐसे आक्रमण की आशंका का संकेत दिया था। दूतावास ने रूस में अमेरिकी नागरिकों से आगामी ४८ घंटों तक किसी भी बडी सभा में सम्मिलित न होने का आग्रह किया था। पुतिन ने ऐसी चेतावनी देने के लिए अमेरिकी दूतावास की निंदा की।

यूक्रेन का स्पष्टीकरण

यद्यपि रूस में हुए आक्रमण का उत्तरदायित्व इस्लामिक स्टेट ने लिया है, किन्तु विश्वस्त सूत्रों का मानना  है कि इसके पीछे यूक्रेन का हाथ है। यूक्रेन ने प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही यूक्रेन ने कहा है कि यह, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूक्रेन की अपकीर्ति करने की निंद्य योजना है। अभी तक पुतिन ने इस आक्रमण पर कोई वक्तव्य नहीं दिया है।

ईसाइयों के बडे कार्यक्रम पर किया आक्रमण! – इस्लामिक स्टेट

´इस्लामिक स्टेट´ ने ´अमाक´ समाचार वाहिनी के माध्यम से एक वक्तव्य प्रसारित  किया है। इसमें कहा गया है कि इस्लामिक स्टेट के लडाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहर क्रास्नोगोर्स्क नगर में ईसाइयों की एक बडी सभा पर आक्रमण किया। आतंकवादियों के सुरक्षित अपने ठिकानों पर लौटने से पहले उन्होंने सैकडो लोगों का प्राणांत कर दिया एवं अनेकों को घायल कर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने की आक्रमण की निंदा!

हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी आक्रमण की कडी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीडित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुख की इस घडी में भारत सरकार रूस के लोगों के साथ खडी है।

संपादकीय भूमिका

धर्मांध कट्टरपंथी जिहादी आतंकियों ने पूर्ण विश्व को अपनी आगोश में ले रखा है। अब पूर्ण विश्व को एक साथ आकर इस गंभीर समस्या पर विचार करना नितांत आवश्यक है! जिहादी आतंकवादी किन कारणों, किन विचारों के कारण बनते हैं, इसका अध्ययन किया जाना चाहिए और ऐसे विचारों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। इसके लिए विश्व के विकसित देशों को पहल करने की आवश्यकता है!