Warship ‘INS Malvan’ : भारतीय नौसेना द्वारा ‘मालवण’ युद्धपोत के ‘वाघ नख’ (बाघ के नाखून) दर्शाए गए नये प्रतीक चिन्ह का अनावरण

मुंबई – भारतीय नौसेना ने ‘मालवण’ युद्धपोत का नया प्रतीक चिन्ह (क्रेस्ट) प्रसारित किया है, जिसमें ‘वाघ नख’ दर्शाया गया है । नौसेना की सूचना के अनुसार ‘वाघ नख’ साहस, चपलता तथा निर्भीकता का प्रतीक है । यह प्रतीक चिन्ह भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए सदैव सतर्क रहने का तथा आवश्यकता पडने पर शत्रु पर गुप्त रूप से एवं अचूक प्रहार करने के युद्धपोत के संकल्प को भी दर्शाता है ।

‘वाघ नख’ को ही क्यों बनाया प्रतीक?

भारतीय नौसेना ने स्पष्ट किया कि ‘क्रेस्ट’ में सम्मिलित किया गया ‘वाघ नख’ केवल एक ऐतिहासिक प्रतीक नहीं है, अपितु यह शौर्य, रणनीतिक कौशल, सतर्कता तथा आक्रामक क्षमता का भी प्रतिनिधित्व करता है । यह युद्धपोत के उन मूल्यों को रेखांकित करता है, जिनके आधार पर वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा । यह परिवर्तन संपूर्ण भारतीय नौसेना के आधिकारिक ध्वज अथवा क्रेस्ट में नहीं हुआ है । यह केवल ‘आई.एन.एस. (INS – इंडियन नेवल शिप) मालवण’ की विशिष्ट पहचान एवं उसकी कार्यप्रणाली को दर्शाने वाला नया प्रतीक चिन्ह है ।

वर्ष २०२२ में प्रसारित किया गया था नौसेना का नया ध्वज !

इससे पूर्व वर्ष २०२२ में भारतीय नौसेना ने स्वदेशी विमानवाहक युद्धपोत ‘आई.एन.एस. विक्रांत’ के जलावतरण समारोह में भारतीय नौसेना का नया ध्वज प्रसारित किया था । ब्रिटिशकालीन ‘सेंट जॉर्ज क्रॉस’ (लाल क्रॉस) को हटाकर उसके स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज की राजमुद्रा से प्रेरित नीले-सुनहरे अष्टकोणीय प्रतीक को सम्मिलित किया गया ।