Corruption DSO Seema Choudhary : जिला आपूर्ति अधिकारी के पद पर पदासीन बेटी पर मां ने लगाया आरोप – ‘काली कमाई’ कर रही है !

  • महिला अधिकारी के विरुद्ध प्रकरण प्रविष्ट

  • मां का आरोप: बेटी ने हत्या करने की धमकी भी दी

जिल्हा आपूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) — हापुड में पदस्त जिला आपूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी के विरुद्ध उनकी ही मां ने आरोप प्रविष्ट करवाया है । मुनेश रानी ने अपनी बेटी पर धोखाधडी, बनावटी प्रपत्र बनवाने, भूमि हडपने का षड्यंत्र रचने एवं अपने बैंक खाते में काली कमाई के रूप में १५ लाख रुपये जमा कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं । इसके उपरांत पुलिस ने सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के विरुद्ध प्रकरण प्रविष्ट किया है ।

१. मुनेश रानी ने सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के विरुद्ध पुलिस उपमहानिरीक्षक के पास आरोप प्रविष्ट करवाया है । आरोप में संजीव कुमार चौधरी, राजेंद्र राणा, गंभीर, नरेश कुमार एवं सीमा चौधरी को आरोपी बताया गया है । उनका आरोप है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी एवं अन्य आरोपी मिलकर धोखाधडी का काम करते हैं एवं उनकी एक भू-गुंडों की टोली भी है जो भूमि हडपती है ।

२. आरोप में कहा गया है कि ‘संजीव कुमार एवं राजेंद्र राणा ने मेरे बैंक खाते में मुझे बताए बिना १५ लाख रुपये जमा किए । यह खाता गाजियाबाद की आई.सी.आई.सी.आई. बैंक में मेरी बेटी सीमा चौधरी ने खुलवाया था एवं वह इसका संचालन कर रही थी । खाते खोलते समय सीमा चौधरी ने अपना ईमेल पता उपयोग किया था । सीमा चौधरी मेरी बैंक खाते में अपनी ‘काली कमाई’ जमा कर रही थी । मुझे इसकी जानकारी नहीं थी ।’

३. आरोप में मुनेश रानी ने यह भी कहा है कि ‘आरोपी मुझे धमकाते हैं एवं उन्होंने मेरी हत्या की धमकी भी दी है ।’

४. पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि उन्हें मुनेश रानी का आरोप पत्र प्राप्त हुआ है एवं यह प्रकरण जांच के लिए पुलिस अधीक्षक को भेजा गया है ।

५. जांच के उपरांत सीमा चौधरी एवं अन्य के विरुद्ध प्रकरण प्रविष्ट किया गया है । इस प्रकरण में सीमा चौधरी या अन्य आरोपियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है ।

संपादकीय भूमिका

भारत में भ्रष्टाचार करने वालों के परिवार द्वारा इस प्रकार का विरोध कदाचित ही मिलता है; प्राय: उनकी काली कमाई का परिवार भी लाभ उठाता है; इसलिए भ्रष्टाचार प्रसारित होता है । जांच के उपरांत इस प्रकरण में सत्य उजागर होगा; परंतु यदि ऐसी निष्ठावान मांताएं, जो अपनी बेटी पर ही भ्रष्टाचार का आरोप करती हैं, सर्वत्र हों तो भारत में भ्रष्टाचार के उन्मूलन में अत्यल्प समय लगेगा ।