Operation Tiger : उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के ९ में से ६ सांसद अलग हुए; शिवसेना में शामिल होने की संभावना !

मुंबई – उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के ९ सांसदों में से ६ सांसद अलग हो गए हैं । इनमें ओमराजे निंबालकर, संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश आष्टीकर, संजय जाधव तथा भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हैं । इन सांसदों के शिवसेना में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है । १६ जून की मध्यरात्रि को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली पहुंचे थे । राजाभाऊ वाजे, अरविंद सावंत एवं अनिल देसाई अभी भी ठाकरे गुट में हैं ।

ठाकरे गुट से अलग हुए सांसदों ने प्रतिक्रिया दी है कि उन्हें उद्धव ठाकरे से अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिल रहा था । सांसदों के अलग होने के बाद शिवसेना नेता संजय राऊत ने पत्रकार परिषद लेकर अलग हुए सांसदों एवं एकनाथ शिंदे की कड़ी आलोचना की ।

अलग हुए सांसदों ने १६ जून को ओम बिर्ला को अलग संसदीय समूह बनाने के लिए पत्र दिया था । १७ जून को लोकसभा अध्यक्ष ने उसे मान्यता प्रदान कर दी । ठाकरे गुट से अलग हुए सांसद किस दल में शामिल होंगे, इस विषय में उन्होंने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है । १९ जून को शिवसेना का स्थापना दिवस है । उस दिन इन सांसदों के शिवसेना में शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है ।

ठाकरे गुट के सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की

१७ जून को ठाकरे गुट के सांसद अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे तथा अरविंद सावंत ने संजय राऊत के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिर्ला से मुलाकात की । इस विषय में संजय राऊत ने कहा, “उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट ने एक बैठक आयोजित की है । बैठक में उपस्थित रहने के लिए सभी सांसदों को पार्टी व्हिप भेजा गया है । सभी सांसदों को उसका पालन करना चाहिए तथा हमारे गुट के सांसदों की बात सुनी जानी चाहिए । यही मांग हमने लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष रखी है ।”