Maharashtra NEET Paper Leak : लीक हुई ‘नीट’ प्रश्नपत्रिका की ५ राज्यों में बिक्री : सर्वाधिक क्रय महाराष्ट्र में !

लीक हुई प्रश्नपत्रिका क्रय करनेवाले अभिभावकों की सूची तैयार !

मुंबई — ‘नीट’ प्रश्नपत्रिका लीक प्रकरण का मुख्य केंद्र महाराष्ट्र होने की बात केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (‘सीबीआई’) की जांच में स्पष्ट हुई है । महाराष्ट्र से ही राजस्थान सहित अन्य ५ राज्यों तक यह प्रकरण पहुंचा तथा लीक हुई प्रश्नपत्रिका की सर्वाधिक क्रय महाराष्ट्र में तथा उसके पश्चात राजस्थान में हुई । इस प्रकरण में ११ व्यक्तियों को बंदी बनाया है , जिनमें सर्वाधिक ७ आरोपी महाराष्ट्र के हैं ।

धनराशि हस्तांतरित करने वाले अभिभावकों से पूछताछ प्रारंभ हो चुकी है तथा २१ मई की रात्रि से ‘सीबीआई’ ने महाराष्ट्र में व्यापक कार्यवाही प्रारंभ की है । कुछ अभिभावकों ने स्वयं प्रश्नपत्रिका खरीदकर उसे अन्य विद्यार्थियों को बेचकर एक श्रृंखला निर्मित की । इसके कारण यह प्रश्नपत्रिका वास्तव में कितने विद्यार्थियों तक पहुंची, इसका सटीक आंकडा निर्धारित करना अन्वेषण एजेंसियों के समक्ष एक बडी चुनौती बन गया है । मुख्य संदिग्ध प्रा. शिवराज मोटेगावकर, पी. वी. कुलकर्णी तथा उनकी पुणे स्थित सहयोगी मनीषा वाघमारे के बैंक खातों में जिन अभिभावकों ने धनराशि हस्तांतरित की थी, उन सभी की सूची ‘सीबीआई’ ने तैयार कर ली है । प्रश्नपत्रिका लीक करने वाले मुख्य सूत्रधार को पकडने के पश्चात ‘सीबीआई’ के ३ विशेष दल प्रश्नपत्रिका क्रय करनेवाले अभिभावकों तथा विद्यार्थियों की खोज में लगे हुए हैं ।

महाराष्ट्र के पश्चात शीघ्र ही अन्य राज्यों में भी छापेमारी की जाएगी । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (‘नेशनल टेस्टिंग एजेंसी’) के अंतर्गत कर्मचारियों के अतिरिक्त कुछ बाहरी प्रभावशाली व्यक्तियों की भी इसमें संलिप्तता होने का संदेह है । उनके विरुद्ध प्रमाण एकत्रित करने के लिए ‘सीबीआई’ के २ दल स्वतंत्र रूप से कार्य कर रहे हैं । जयपुर में २१ मई को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सडकों पर उतरकर ‘नीट’ प्रश्नपत्रिका लीक प्रकरण के विरोध में तीव्र प्रदर्शन किया तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की ।