Iran New Proposal : अमेरिका यदि हमारे परमाणु कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाने का हठ छोड दे, तो हम हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलेंगे ! – ईरान

ईरान ने अमेरिका के सामने शांति प्रस्ताव रखा !

(जलडमरूमध्य का अर्थ है दो विशाल जल भंडारों (उदाहरणस्वरूप समुद्र, महासागर) को जोडनेवाला संकरा जलमार्ग)

तेहरान (ईरान) – अमेरिका यदि हमारे परमाणु कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाने का हठ छोड दे , तो हम हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोल देंगे , ऐसा प्रस्ताव ईरान ने अमेरिका के सम्मुख पाकिस्तान के माध्यम से रखा । इस शांति प्रस्ताव में ३ सूत्र हैं , जिसमें पहला परमाणु कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाने का हठ छोडना , दूसरा संपूर्ण युद्धविराम एवं भविष्य में अमेरिका-इजरायल की ओर से सैन्य कार्यवाही रोकने का आश्वासन देना , तो तीसरा प्रस्ताव हॉर्मुज में अमेरिका की सेना द्वारा की गई नाकाबंदी समाप्त करना है । ईरान ने अपेक्षा व्यक्त की है कि इन तीनों सूत्रों पर चरणबद्ध पद्धति से कार्य होना चाहिए । इस पर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि , ईरान को उसके द्वारा ही बंद किया गया हॉर्मुज जलडमरूमध्य सबसे पहले खोलना होगा ।

ईरान के विदेश मंत्री ने की पुतिन से भेंट !

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने २७ अप्रैल को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से भेंट की । इस भेंट में रूस ने ईरान के प्रति दृढ समर्थन व्यक्त किया । रूस के माध्यमों के अनुसार इस अवसर पर पुतिन ने कहा कि , ईरानी जनता धैर्य एवं शौर्य से स्वतंत्रता अथवा संप्रभुता के लिए लड रही है । मुझे ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनी की ओर से एक संदेश प्राप्त हुआ है ।

डोनाल्ड ट्रम्प राष्ट्रीय सुरक्षा दल के साथ बैठक करेंगे !

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प शीघ्र ही अपने राष्ट्रीय सुरक्षा दल के साथ बैठक करनेवाले हैं । इस बैठक में ईरान के साथ वर्तमान तनाव , रुकी हुई वार्ता एवं भविष्य की रणनीति के विषय में चर्चा की जाएगी । इस बैठक में ईरान पर पुनः बम आक्रमण प्रारंभ करने के विकल्प पर भी चर्चा हो सकती है ।