UP Poster Row : मथुरा (उत्तर प्रदेश) में ‘दिल में बाबर, जुबान पर राम’ लिखा पोस्टर लगाए जाने से समाजवादी पार्टी के नेता अप्रसन्न ।

पोस्टर पर मुलायम सिंह यादव तथा अखिलेश यादव के चित्र भी लगाए गए ।

मथुरा (उत्तर प्रदेश) – यहां गोवर्धन चौक के पास एक पोस्टर लगाया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोल टोपी पहने हुए दिखाया गया है । पोस्टर पर “दिल में बाबर, जुबान पर राम” लिखा गया है । इस पोस्टर को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अप्रसन्नता दिखाई है ।

पोस्टर में अखिलेश यादव के उस वक्तव्य का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “अयोध्या में रात के अंधेरे में मूर्तियां रखी गई थीं ।” इसके साथ ही मुलायम सिंह यादव के पुराने वक्तव्य का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “यदि बाबरी मस्जिद की रक्षा के लिए अयोध्या में अन्य कारसेवकों को मारना पडता, तो भी मारते ।”

पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि अखिलेश यादव ने राम मंदिर में दान की चोरी का आरोप लगाया था एवं वे इस विषय पर लगातार आरोप लगाते रहे हैं । इन्हीं वक्तव्यों के उत्तर में यह पोस्टर लगाए जाने की बात कही जा रही है ।

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि वे इस विषय में संबंधित लोगों के विरुद्ध कडी कानूनी कार्यवाही की मांग करेंगे ।