Amarnath Yatra : अमरनाथ यात्रा ३ जुलाई से प्रारंभ !

कल से पंजीकरण किया जा सकेगा

श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) – इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा ३ जुलाई से प्रारंभ होगी । यात्रा के लिए पंजीकरण १५ अप्रैल से आरंभ होगा । इस वर्ष यह यात्रा २८ अगस्त तक चलेगी, ऐसी जानकारी जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दी । जम्मू के भगवतीनगर बेस कैंप से यात्रियों का पहला गुट प्रस्थान करेगा । कुल ५७ दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के लिए अनंतनाग से पारंपरिक ४८ कि.मी. लंबा नुनवान–पहलगाम मार्ग तथा गांदरबल से १४ कि.मी. लंबा बालटाल मार्ग उपलब्ध रहेगा ।

इस प्रकार किया जा सकेगा पंजीकरण !

१. १३ से ७० वर्ष के आयु वर्ग के लोग यह यात्रा कर सकते हैं ।

२. देशभर की ५५६ निर्धारित बैंक शाखाओं में यात्रा के लिए पंजीकरण कराया जा सकेगा।

३. इसके साथ ही ‘श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड’ की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकेगा ।

४. पंजीकरण के लिए ‘यस बैंक’, ‘आईसीआईसीआई बैंक’, ‘पंजाब नैशनल बैंक’, ‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया’ तथा ‘एक्सिस बैंक’ की शाखाओं में यात्रा के पंजीकरण प्रपत्र उपलब्ध होंगे।