KP Sharma Oli Arrest : नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को बंदी बनाया !

प्रधानमंत्री पद संभालते ही बालेन शाह की कठोर कार्यवाही !

पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली

काठमांडु (नेपाल) – नेपाल में ३५ वर्षीय ‘रैपर’ (आधुनिक प्रकार का संगीत प्रस्तुत करने वाला) बालेन शाह ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते ही त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को २८ मार्च की प्रातः उनके निवास स्थान से बंदी बनाया । बताया जा रहा है कि नेपाल में सितंबर २०२५ में हुए ‘जेन जी’ (जनरेशन जेड – वर्ष १९९६ से २०१० के मध्य जन्मी पीढी) आंदोलन के समय अनेक नागरिकों की मृत्यु के प्रकरण में यह कार्यवाही की गई है । इसी प्रकरण में नेपाल के पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है ।

बालेन शाह

क्या था ‘जेन जी’ आंदोलन ?

तत्कालीन ओली सरकार ने फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम तथा यूट्यूब सहित कुल २६ सामाजिक माध्यमों पर प्रतिबंध लगा दिया था । इस प्रतिबंध के विरोध में सितंबर २०२५ में नेपाल के युवाओं ने ओली सरकार के विरुद्ध व्यापक आंदोलन किया, जिसे ‘जेन जी’ आंदोलन कहा गया । डिजिटल स्वतंत्रता के लिए आरंभ हुआ यह आंदोलन शीघ्र ही एक बडे सरकार-विरोधी आंदोलन में परिवर्तित हो गया । इस आंदोलन के समय अनेक प्रदर्शनकारी संसद भवन में भी प्रवेश कर गए थे । इसके पश्चात हुए हिंसक घटनाक्रम में कई लोगों की मृत्यु हुई तथा २ हजार से अधिक लोग घायल हो गए । इसके बाद तत्कालीन ओली सरकार ने पीछे हटते हुए सामाजिक माध्यमों पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया ।