Qawwali Controversy : भजन कार्यक्रम में जॉन अजमेरी द्वारा कव्वाली गाने पर हिन्दुओं का विरोध

अजमेर (राजस्थान) – यहां के शास्त्रीनगर क्षेत्र में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आयोजित ‘भजन संध्या’ कार्यक्रम में भजन गायक जॉन अजमेरी ने अचानक कव्वाली गाना शुरू कर दिया । इससे उपस्थित हिन्दुओं ने तीव्र विरोध किया । इसके बाद एक अन्य कार्यक्रम में भी उन्हें विरोध का सामना करना पडा, अंततः उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोडकर जाना पडा ।

१. २१ मार्च को अलवर गेट के नगरा क्षेत्र में आयोजित देवी जागरण के समय, जब जॉन अजमेरी भजन गा रहे थे, तब उन्होंने ख्वाजा गरीब नवाज से संबंधित ‘दूल्हा बना है मेरा ख्वाजा अजमेर की नगरी’ यह कव्वाली गाना शुरू कर दिया । कार्यक्रम में उपस्थित हिन्दुओं ने इसे धार्मिक परंपराओं के अनुरूप न बताते हुए आपत्ति की । विरोध बढने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मध्यस्थता की गई तथा कार्यक्रम किसी तरह आगे बढाया गया । इस घटना की जानकारी बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं तक पहुंची ।

भजन गायक जॉन अजमेरी (बीच में )

२. २२ मार्च को शास्त्रीनगर के गणेशगढ मंदिर में आयोजित भजन संध्या के लिए जब जॉन अजमेरी पहुंचे, तो बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां आ गए एवं उन्होंने आपत्ति की। विरोध के कारण वातावरण तनावपूर्ण हो गया तथा अजमेरी को मंच छोडना पडा । उनके जाने के बाद कार्यक्रम पुनः प्रारंभ किया गया ।

३. विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी किशन गुर्जर ने कहा कि इस प्रकार के प्रस्तुतिकरण से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं । धार्मिक कार्यक्रमों की परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए । पहले घटना होने के बाद पुनः वैसा ही प्रस्तुतीकरण करने का प्रयास किया गया, जो स्वीकार्य नहीं था ।

संपादकीय भूमिका 

हिन्दुओं के धार्मिक कार्यक्रम में कव्वाली गाने का साहस होना, तथा ऐसे व्यक्ति को भजन के लिए आमंत्रित करना यह संबंधित हिन्दुओं के लिए लज्जाजनक है ।