Hafiz Saeed : पाकिस्तान में सार्वजनिक रूप से घूम रहा है आतंकी हाफिज सईद !

विश्व को दिगभ्रमित (गुमराह) करने वाले पाकिस्तान का रूप उजागर

छायाचित्र सौजन्य : ओसिंट टीव्ही

इस्लामाबाद (पाकिस्तान) – पाकिस्तान के न्यायालय द्वारा दंडित लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख आतंकी हाफिज सईद के सार्वजनिक रूप से घूमने की बात सामने आई है । सईद जेल में है या घर में नजरबंद है—पाकिस्तान सरकार का यह दावा एक वीडियो के सामने आने से झूठा प्रमाणित हुआ है । पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से सामने आए इस वीडियो में हाफिज सईद को बैठकों में भाग लेते हुए एवं अपने संगठन के कमांडरों से हंसते हुए मिलते देखा जा सकता है । संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी एवं भारत में कई प्रकरणों में वांछित सईद का इस तरह पाकिस्तान में सार्वजनिक रूप से घूमना, पाकिस्तान के आतंकवाद-विरोधी दावों पर प्रश्न उपस्थित करता है ।

पंजाब में सक्रिय होने का दावा

‘ओसिंट टीव्ही’ नामक समाचार चैनल ने सईद का वीडियो जारी करते हुए दावा किया है कि वह पिछले वर्ष अक्टूबर एवं नवंबर में पंजाब के ओकारा में था । जिन आतंकियों से वह मिला, उनमें लश्कर का उपप्रमुख सैफुल्लाह कसूरी तथा भर्ती कमांडर नस्र जावेद सम्मिलित हैं । मुख्य बात यह है कि वीडियो में पुलिस वर्दी पहने लोगों द्वारा उसे सुरक्षा दी जाती दिखाई दे रही है ।

कई प्रकरणों में दंड होने का सरकारी दावा

पाकिस्तान सरकार के अनुसार हाफिज सईद वर्ष २०१९ से जेल में है । आतंकवाद से जुडे विभिन्न प्रकरणों में उसे ५० वर्षों से अधिक दंड सुनाया गया है । पाकिस्तान सरकार विश्व एवं संयुक्त राष्ट्र को बताती है कि सईद पंजाब की एक जेल में बंद है । संयुक्त राष्ट्र एवं अंतरराष्ट्रीय समुदाय भले ही सईद के जेल में होने की बात मानते हों, परंतु वर्तमान में निरंतर सामने आ रहे वीडियो में वह सार्वजनिक रूप से घूमता दिखाई दे रहा है ।

जेल में रहते हुए भी राजनीतिक गतिविधियां

आधिकारिक रूप से कहा जाता है कि हाफिज सईद लाहौर की कोट लखपत केंद्रीय जेल में बंद है; परंतु आरोप है कि वह न केवल आतंकी गतिविधियां चला रहा है, अपितु अपना राजनीतिक दल भी संचालित कर रहा है । उसने एक राजनीतिक पार्टी बनाकर पाकिस्तान में वर्ष २०१८ के आम चुनाव भी लडे थे । वर्तमान में उसकी पार्टी सक्रिय है एवं उसके परिवार के सदस्य चुनावों में सक्रिय भाग ले रहे हैं ।

मुंबई आक्रमण का मुख्य षड्‌यंत्रकर्ता

हाफिज सईद भारत में वांछित आतंकियों की सूची में सम्मिलत है । वह मुंबई आक्रमण का मुख्य षड्‌यंत्रकर्ता है । पुलवामा आक्रमण सहित कई अन्य आतंकी घटनाओं में भी उसकी भूमिका रही है । भारत ने कई बार पाकिस्तान से हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की है, परंतु पाकिस्तान ने हर बार इसे ठुकरा दिया है ।

संपादकीय भूमिका

अब क्या संयुक्त राष्ट्र पाकिस्तान के विरुद्ध कार्रवाई करेगा ? उसे आतंकी देश घोषित करेगा या इस घटना को अनदेखी कर पाकिस्तान का समर्थन करता रहेगा ?