Punjab Terrorists Arrest : होशियारपुर (पंजाब) में आर.डी.एक्स. विस्फोटकों के साथ ४ खालिस्तानी आतंकवादियों को बंदी बनाया गया

गणतंत्र दिवस पर करने वाले थे आतंकी आक्रमण !

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव

होशियारपुर (पंजाब) – गणतंत्र दिवस पर आतंकी आक्रमण करने का खालिस्तानी आतंकवादियों का षड्‌यंत्र पुलिस ने असफल कर दिया है । यहां पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित खालिस्तानी आतंकवादी संगठन ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ से जुडे एक गुट के ४ आतंकवादियों को बंदी बना लिया है । उनके पास से अनुमानित ढाई किलो आर.डी.एक्स. विस्फोटक से भरे बम अधिग्रहित किए गए हैं ।

१. पुलिस महानिदेशक गौरव यादव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बंदी आतंकवादियों के नाम दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी, अजय उर्फ माहिरा एवं अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला हैं । ये सभी एस.बी.एस. नगर जिले के राहों क्षेत्र के निवासी हैं । पुलिस ने इनके पास से विस्फोटकों के अतिरिक्त दो पिस्तौल भी नियंत्रित की हैं ।

२. इस गिरोह को अमेरिका में बैठे ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ के हैंडलरों द्वारा संचालित किया जा रहा था । प्रारंभिक जांच में यह उजागर हुआ है कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों को लक्ष्य बनाकर बडे आतंकी आक्रमण के लिए इन बमों का प्रयोग किया जाना था । अमेरिका में रह रहे हैंडलर वहां से इन आतंकवादियों को निर्देश दे रहे थे, जबकि पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी आई.एस.आई. (इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस) उन्हें विस्फोटक उपलब्ध करा रही थी । पंजाब में शांति भंग करने तथा हत्याएं करने के उद्देश्य से इस गिरोह को तैयार किया गया था । पुलिस वर्तमान में इन चारों आतंकवादियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा उनके अन्य साथियों को ढूंढा जा रहा है ।