Bhagyanagar Violence : भाग्यनगर (तेलंगाना) में अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर में तोडफोड के पश्चात हिंसा

१० से अधिक पुलिसकर्मी घायल

भाग्यनगर (तेलंगाना) – यहां के पुराणापूल द्वार के समीप १४ जनवरी की विलंब रात्रि को अज्ञात व्यक्तियों ने एक मंदिर में तोडफोड की । इस घटना के पश्चात परिसर में तनाव का वातावरण निर्मित हो गया । तोडफोड का समाचार प्रसारित होते ही स्थानीय नागरिकों में अस्वस्थता व्याप्त हो गई तथा घटनास्थल पर भारी भीड एकत्रित हो गई । संतप्त जनसमूह द्वारा पथराव किया गया । अनेक वाहनों को अग्नि के हवाले कर दिया गया । इस हिंसा में १० से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए । पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची स्थिति को नियंत्रण में लिया । सूचना मिलते ही सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी घटनास्थल पर पहुंचे ।

जनसमूह द्वारा कब्र की तोडफोड पुलिस की सूचना के अनुसार, मंदिर में हुई तोडफोड से रुष्ट जनसमूह ने घोषणाबाजी की और तनाव बढ गया । तत्पश्चात समीप स्थित अन्य धर्मीय उपासना स्थल पर आक्रमण किया गया, साथ ही वहां की कब्र को क्षतिग्रस्त कर दिया गया । धार्मिक ध्वज को भी हानि पहुंचाई गई । इस समय दोनों पक्षों के समूह आमने-सामने आ गए । इस अवधि में वाहनों को आग लगाई गयी ।

वर्तमान में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने हेतु पुराणापूल तथा निकटवर्ती क्षेत्रों में पुलिस द्वारा अतिरिक्त सुरक्षा बल नियुक्त किया गया है । सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने १५ जनवरी की प्रातः परिसर का भ्रमण किया एवं स्थिति की समीक्षा की । उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा प्रशासन के साथ सहयोग करने का आह्वान किया ।

भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार की आलोचना

तेलंगाना भाजपा ने ‘एक्स’ (X) खाते पर मंदिर का चलचित्र (वीडियो) प्रसारित कर राज्य की कांग्रेस सरकार की कटु आलोचना की । विधि एवं व्यवस्था बनाए रखने में कांग्रेस सरकार के विफल होने का आरोप लगाया गया ।

संपादकीय भूमिका 

ध्यान दें कि कांग्रेस के शासन में हिन्दुओं के मंदिर असुरक्षित होते हैं !